• April 27, 2024 3:21 pm

सीपत और मस्तूरी बनेगी नगर पंचायत:भेंट-मुलाकात में पहुंचे मुख्यमंत्री ने महिलाओं से की चर्चा, पचपेड़ी में कॉलेज खुलेगा

11 मई 2023-बिलासपुर जिले के मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सीपत और मस्तूरी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की। इसी तरह सीपत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन करने के साथ पचपेड़ी में नए कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं और स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों से चर्चा की और आजीविका मिशन व रीपा के कार्यों का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले जनपद पंचायत मस्तूरी के बेलटूकरी स्थित रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर समूह की महिलाओं से विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान आदर्श स्व-सहायता समूह की सदस्य निर्मला पटेल ने बताया कि यहां एक महीने पूर्व शासन की मदद से तीन लाख रूपए की लागत से बेकरी यूनिट स्थापित की गई है। निर्मला ने बताया कि इस यूनिट के माध्यम से ब्रेड, केक और कुकीज़ का निर्माण कर आसपास के होटल और गांव में बिक्री करते हैं। पिछले 15 दिनों में लगभग 10 हजार के बेकरी उत्पाद की बिक्री कर चुके हैं जिससे 5 हजार का फायदा हुआ है। समूह में 10 सदस्य हैं। बिलासपुर के सी-मार्ट और आसपास के होटलों से 80 हजार का आर्डर मिला है।

रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में बोरी सिलाई यूनिट
बेलटुकरी में बोरी सिलाई यूनिट की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री से चर्चा में जय मां वैष्णवी स्व-सहायता समूह की सदस्य शांति कैवर्त ने बताया कि एक महीने पहले शासन की मदद से 4.5 लाख रुपए की लागत से बोरी सिलाई यूनिट स्थापित किया गया है। यहां आसपास के गौठानों से 61 हजार 760 रुपए के लगभग 6 हजार बोरी का आर्डर मिल चुका है। इसी तरह समूह की महिलाएं यहां दोना पत्तल बनाने का काम भी कर रही हैं।

नर्तक दलों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार दोपहर रायपुर के पुलिस लाइन हेलीपेड से दोपहर में सीपत क्षेत्र के ग्राम बेलटुकरी पहुंचे, जहां नेताओं व अफसरों ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत में मस्तूरी पाराघाट के करमा नर्तक दल के द्वारा मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुति दी गई। हेलीपैड पर मस्तूरी विधायक डॉ कृष्णमूर्ति बांधी,जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, पर्यटन मंडल अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, अरपा बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभय नारायण राय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रमोद नायक, संभागायुक्त डॉ.संजय अलंग, आईजी बीएन मीना, कलेक्टर सौरभ कुमार, एसपी संतोष सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मस्तूरी विधानसभा में दी विकास कार्यों की सौगात

  • ग्राम पंचायत सीपत एवं मस्तूरी को नगर पंचायत बनाया जाएगा।
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
  • ग्राम पंचायत पचपेड़ी में शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा।
  • खम्हरिया में पुलिस चौकी स्थापना को स्वीकृति दी जाएगी।
  • मस्तुरी में संचालित अनुसूचित जाति कन्या प्री मेट्रिक एवं पोस्ट मेट्रिक छात्रावास में 50-50 सीटों की वृद्धि की जायेगी।
  • ग्राम जयरामनगर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलेंगे।
  • ग्राम पंचायत कुकदा की मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में और धनिया और ग्राम महमंद की हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन किया जाएगा।
  • ग्राम पंचायत पेंड्री से खोरसी पहुंच मार्ग में पुल निर्माण सहित डामरीकरण करवाया जाएगा।
  • ग्राम सीपत में समेताभाठा से देवरहा मंदिर तक, सुखरीतालाब से सेमरिया बाबा आश्रम तक W.B.M. सड़क बनाएंगे।
  • सीपत के नवाडीह चौक से पुराना दर्राभाठा रोड का डामरीकरण करवाया जाएगा।
  • ग्राम दर्राभाठा में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
  • ग्राम जांजी में खाद्य भवन निर्माण करवाया जाएगा।
  • ग्राम बेलटुकरी में सीसी रोड एवं मिनी स्टेडियम निर्माण करवाया जाएगा।
  • ग्राम देवरी में नये पंचायत भवन का निर्माण करवाया जाएगा।
  • मस्तूरी मुख्यालय में विश्रामगृह का निर्माण करवाया जाएगा।
  • कुटेला धाम का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *