09 मार्च 2022 | झारखंड की उपराजधानी दुमका में सरकारी व गैर सरकारी भवनों और होटलों में नगर परिषद का 72 लाख रुपया होल्डिंग टैक्स बकाया है। दुमका नगर परिषद में होल्डिंग टैक्स जमा करने वाले सरकारी,गैरसरकारी संस्थानों और आम नागरिकों की कुल संख्या 3721 है।
कोर्ट और वन विभाग कार्यालय पर भी टैक्स बकाया
बड़े बकाएदारों को बकाया टैक्स जमा करने के लिए नोटिस नगर परिषद की ओर से नोटिस भेजा गया है। 31 मार्च तक बकाएदारों को होल्डिंग टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। नगर परिषद के सिटी मैनेजर मो.नजीबुल ने बताया कि सरकारी संस्थानों में सबसे अधिक 18.52 लाख रुपए होल्डिंग टैक्स का बकाया दुमका केन्द्रीय कारा पर है। केन्द्रीय कारा अधीक्षक को पूर्व में भी होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था पर बकाया जमा नहीं किया गया। कारा अधीक्षक को बकाया टैक्स जमा करने के लिए 31 मार्च तक की मोहलत दी गई है। यह बकाया वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक का है। दुमका कोर्ट,वन विभाग का कार्यालय,जिला स्कूल सहित कई सरकारी संस्थानों के साथ ही बड़े प्राइवेट संस्थान,मॉल और होटलों पर नगर परिषद का होल्डिंग टैक्स बकाया है जिसकी वसूली की कार्रवाई शुरु की गई है। इधर, सिटी मैनेजर ने बताया कि दुमका समाहरणालय के होल्डिंग टैक्स का निर्धारण जल्द ही किया जाएगा। अभी तक इसका निर्धारण नहीं किया गया था, लेकिन अब जल्द ही कर लिया जाएगा।
ऑनलाइन बकाया जमा करने पर 5 प्रतिशत छूट
वित्तीय वर्ष 2021-22 तक का होल्डिंग टैक्स ऑन लाइन जमा करने पर 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं नगर परिषद कार्यालय के जनसुविधा केन्द्र में होल्डिंग टैक्स जमा करने वालों को 2.5 प्रतिशत की छू दी जाएगी। नगर परिषद की ओर से अपील किया गया है कि 31 मार्च तक बकाएदार अपने होल्डिंग टैक्स जमा कर दें और छुट का लाभ उठाए। इसके बाद बकाया जमा करने पर पूरी बकाया राशि जमा करनी पड़ेगी।
Source;-“हिंदुस्तान”
