13 अप्रैल2022 | हरियाणा कांग्रेस के चारों कार्यकारी अध्यक्षों में विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल ने कार्यकारी प्रधान राम किशन गुर्जर को अंबाला कमिश्नरी का जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें ओबीसी, एससी, अल्पसंख्यक का प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं श्रुति चौधरी को हिसार जोन और महिला कांग्रेस का कार्यभार दिया गया है।
जितेंद्र भारद्वाज को गुरुग्राम और रोहतक मंडल का प्रभार, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई, मीडिया का प्रभार दिया गया है। सुरेश गुप्ता को फरीदाबाद जोन का प्रभार, सेवा दल और व्यापार प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश प्रभारी ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए है कि पार्टी के होर्डिंग्स और बैनर पर चारों कार्यकारी अध्यक्षों की फोटो लगवाना अनिवार्य है।
27 अप्रैल को हुई थी घोषणा
हरियाणा के नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और उनके साथ 4 कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की घोषणा 27 अप्रैल को कुमारी सैलजा के इस्तीफा मंजूर होने के बाद हुई थी। नए प्रदेशाध्यक्ष हुड्डा खेमे के हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्क्ष के चार्ज संभालने के बहाने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया।
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष के सम्मान में आयोजित रोड शो दिल्ली के कुंडली बॉर्डर से शुरू हुआ, जो जीटी रोड बेल्ट के जिलों से शुरू होकर रात 8 बजे चंडीगढ़ सेक्टर 9 के प्रदेश कार्यालय में पहुंचा। इस रोड शो के दौरान करीब 21 जगहों पर प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सीएम का सम्मान किया गया।
हुड्डा के साथ तालमेल न होने पर दिया था इस्तीफा
कुमारी सैलजा ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ तालमेल न बैठने के लिए चलते इस्तीफा दिया था। कुलदीप बिश्नोई भी पद के लिए जोर आजमाइश कर रहे थे, परंतु सफलता नहीं मिली। इसके बाद कुलदीप नाराज हो गए।
शाहबाद के पूर्व विधायक भी जता चुके हैं विरोध
कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष का हुड्डा गुट से होने पर शाहबाद के पूर्व विधायक अनिल धंतौड़ी ने ट्वीट किया था कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अपने खडाऊं रख दिए हैं। कांग्रेस पार्टी कभी सोच हुआ करती थी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी की जेब में है। कांग्रेस एक समूह होता था, आज एक व्यक्ति है।
Source;- ‘’दैनिकभास्कर’’
