• April 20, 2024 3:22 pm

हाड़ जमा देने वाली ठंड में तैरकर रामगंगा पार करने को मजबूर 1500 की आबादी

By

Feb 9, 2021
हाड़ जमा देने वाली ठंड में तैरकर रामगंगा पार करने को मजबूर 1500 की आबादी

पिथौरागढ़:- प्रदेश के गांवों में रहने वाले लोगों को तमाम सुविधाएं दिए जाने के सरकारी दावे जिले में हवा हवाई साबित हो रहे हैं। मुवानी घाटी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आज तक एक पुल नसीब नहीं हो सका है। हाड़ जमा देने वाली ठंड में भी लोग रामगंगा को तैरकर पार करने को मजबूर हैं। मरीजों, गर्भवती महिलाओं को बांस के डंडों पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है।

मुवानी घाटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रू नाथल, सेरागंगोरा, काफलखोरी, मल्ली गंगोरा, बेलखेत, डांसीखंत, बरमतड़ी, मुठलीगाड़ आदि गांवों की लगभग 1500 की आबादी का मुख्य बाजार मुवानी में है। मुवानी पहुंचने के लिए रामगंगा नदी पार करनी होती है। बैंक, राशन की दुकान, अस्पताल सब कुछ मुवानी क्षेत्र में हैं। स्कूली बच्चे भी पढ़ने के लिए मुवानी आते हैं। तेज बहाव वाली इस नदी में आज तक पैदल पुल नहीं बन सका है। मजबूरी में लोग नदी तैर कर मुवानी पहुंचते हैं। पूर्व सैनिक दीवान सिंह का कहना है कि अब तक दो महिलाएं और एक 15 वर्ष का किशोर नदी के तेज बहाव में बह चुका है। गांव में किसी के बीमार पड़ जाने पर उसे बांस के डंडों से बांधकर नदी पार कराई जाती है। विषम परिस्थितियों में जी रहे इन गांवों के लोग कई बार नदी पर पुल बनाए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक शासन की ओर से कोई पहल नहीं हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने कहा है कि नदी पर पुल बनाए जाने की मांग कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी जा चुकी है, लेकिन आज तक पुल बनाने की दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। इस उपेक्षा से क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है।

छुट्टी में घर आया जवान करा रहा है ग्रामीणों को नदी पार क्षेत्र के कई ग्रामीण तैरना नहीं जानते। ऐसे लोगों को दूसरों की मदद से नदी पार करनी पड़ती है। इसके लिए कुशल तैराक की जरू रत पड़ती है। सेना में तैनात जवान लक्ष्मण सिंह इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए हैं वे लोगों को नदी पार कराने के काम में जुटे है। वे हर रोज 50 से अधिक लोगों को नदी पार कराते हैं। जवान लक्ष्मण सिंह का कहना है कि इससे उन्हें आत्मिक शांति मिलती है।

नदी में पुल नहीं होने से लोगों को हो रही दिक्कत की जानकारी मिली है। इस संबंध में संबंधित विभागों से जानकारी ली जा रही है। पुल बनाने के प्रयास किए जाएंगे

डा. विजय कुमार जोगदंडे,

जिलाधिकारी, पिथौरागढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *