• April 20, 2024 8:30 am

एअर इंडिया का ‘महाराज’ पाकिस्तानी बिजनेसमैन-प्लेगर्ल दिखाए जाने पर न्यूडिटी का आरोप लगा, पेरिस की फोटो पर मचा था संसद में हंगामा, देखिए सफरनामा

ByPrompt Times

Jan 28, 2022 ##Parliament

28 जनवरी 2022 | 69 साल बाद एअर इंडिया की घर वापसी हुई है। टाटा संस ने भारत सरकार से 18 हजार करोड़ रुपए में एअर इंडिया को खरीदा है। 1932 में टाटा ग्रुप के चेयरमैन जेआरडी टाटा ने एअर इंडिया की शुरुआत की थी।

एअर इंडिया का चार्ज संभालने वाली टाटा बोर्ड की नई टीम ने जो आधिकारिक फोटो जारी की है, उसके बैकग्राउंड में आप एअर इंडिया के लोगो के साथ महाराजा की तस्वीर देख सकते हैं। आप इस महाराजा का सफर जानना चाहेंगे? चलिए इसी सफरनामे पर…

75 साल से एअर इंडिया की पहचान

देश का सबसे प्रसिद्ध कारोबारी और ट्रैवल मस्कट महाराजा 75 सालों से भी अधिक समय से पूरी दुनिया में एअर इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शेरवानी की तरह लाल रंग की राजसी पोशाक, बड़ी-बड़ी मूंछें, एक लंबी नुकीली नाक, सिर पर शाही पगड़ी, स्वागत करती हुईं झुकी हुई पलकें और चेहरे पर शरारती मुस्कान। एअर इंडिया के जितने भी बड़े ऐड जारी हुए, उनमें महाराजा की उपस्थिति रही ही है। टाटा संस के टेकओवर के बाद एक बार फिर कंपनी की बोर्ड टीम ने महाराजा को ही अपनी एयरलाइंस की अमिट पहचान के तौर पर पेश किया है।

पाकिस्तानी कारोबारी से प्रेरित किरदार

महाराजा का आइडिया एक पाकिस्तानी व्यापारी से आया था। मामला कुछ ऐसा है कि 1946 के दशक में टाटा एअरलाइंस को ‘एअर इंडिया’ के रूप में रीब्रांड करने की जरूरत महसूस हुई। उस समय एस. के. कूका उर्फ बॉबी कूका कंपनी के सेक्रेटरी थे, जो जेआरडी टाटा के अच्छे दोस्त भी थे। कूका को लगा कि इन फ्लाइट कम्युनिकेशन के लिए एक मस्तीखोर मस्कट ईजाद करना चाहिए।

हालांकि, भारत राजा-रजवाड़ों का देश था तो कूका के दिमाग में लाहौर के बिजनेसमैन दोस्त सैयद वाजिद अली की छवि आई। क्योंकि, वाजिद अली भी हमेशा ट्रेडिशनल पगड़ी पहनते थे और उनकी भरावदार लंबी मूंछें भी थीं। कूका ने अपना आइडिया अपने दोस्त उमेश राव से शेयर किया और इस तरह उमेश ने महराजा का स्केच तैयार कर दिया।

स्केच के तैयार होते ही बात जम गई और ब्रांडिंग के लिए नामकरण भी ‘महाराजा’ के रूप में हो गया। इसे 1946 में लॉन्च किया गया और इसके बाद महाराजा और एअर इंडिया एक-दूसरे के पर्यायवाची बन गए।

शरारती विज्ञापनों को लेकर हमेशा चर्चा में

फ्लैशबैक में जाएं तो देखेंगे कि महाराजा के ज्यादातर ऐड शरारत से भरे हुए हैं। न्यूयॉर्क के लिए बने एक ऐड में महाराजा को मशहूर मैग्जीन ‘प्लेबॉय’ की प्लेगर्ल बनी (Bunny) के रूप में दिखाया गया है। इसमें महाराजा सिंगल पीस बिकिनी में मेहमानों को ड्रिंक्स परोसते नजर आते हैं। इन ऐड को लेकर भी काफी बवाल मचा था कि ये साफतौर न्यूडिटी का प्रचार करते हैं।

महाराजा के चलते संसद में बवाल मचा

पेरिस में एक ‘क्रेजी हॉर्स क्लब’ नाम का एक फेसम डांस क्लब है। अपने दौर में यह सबसे ज्यादा इसलिए चर्चित था, क्योंकि यहां न्यूड लड़कियों का डांस होता था। यहां भी महाराजा का दबदबा बताने के लिए एअर इंडिया ने एक ऐड जारी किया था। इस ऐड में लड़कियों के पैरों के स्केच से ‘PARIS’ लिखा गया था।

इसमें ‘I’ के ऊपर लगाई जाने वाली बिंदी की जगह महाराजा की पगड़ी रखी दिखाई गई थी। बस, इसी ऐड से भारतीय संसद में हंगामा मच गया था कि यह ऐड पूरे भारत का अपमान है। विवाद ने जोर पकड़ा तो कंपनी ने अपनी गलती मानते हुए ‘I’ के ऊपर से पगड़ी हटाकर सामान्य बिंदी लगा दी थी।

ऑस्ट्रेलिया में बिकनी गर्ल को देखने वाले एड पर भी हुआ बवाल

जब एअर इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की सर्विस शुरू की तो उसमें महाराजा को सिडनी के मशहूर बॉन्डी बीच पर लाइफगार्ड के रूप में दिखाया गया। इस ऐड में महाराजा दूरबीन से बीच पर नहा रही बिकिनी गर्ल्स को निहारते नजर आते हैं। सिडनी के एक अन्य विज्ञापन में महाराजा बीच पर मत्स्य कन्या यानी मरमेड से सनस्क्रीम लगवाते नजर आ रहे हैं। पेरिस की सर्विस शुरू करते समय जो ऐड तैयार किया गया, उसमें महाराजा सड़क किनारे खड़े हुए हैं और उनके खुले आधे कोट में कुछ न्यूड फोटो भी हैं और वे लोगों से पूछते हैं कि ‘क्या आप नटखट फोटोज देखना चाहते हैं?’ इन विज्ञापनों पर भी खासा बवाल मचा था।

जहां की उड़ान शुरू होती, महाराजा वहीं का भेस धर लेते

इसके बाद धीरे-धीरे एअर इंडिया ने पेरिस, न्यूयॉर्क, रोम, केन्या, सिडनी, स्विटजरलैंड, जिनेवा, लंदन, काहिरा (मिस्र) आदि देशों के लिए भी अपनी उड़ाने शुरू कर दीं। जिस-जिस जगह के लिए फ्लाइट शुरू की जातीं, वहां की आइडेंटिटी जैसी चीजों को ध्यान में रखकर महाराजा का रोल बदल दिया जाता।

Source;-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *