• June 9, 2026 2:26 pm

कीव में 4 घंटे से सुनाई दे रहे एयर रेड सायरन, नए साल की शाम 400 रूसी सैनिक मारे गए

Share More

02  जनवरी 2023 |  साल का दूसरे दिन शुरू होने से पहले ही रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन से हमले करना शुरू कर दिया। इन हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव के बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया है। रूसी हमलों की जानकारी गवर्नर ओलेक्सी कल्यूबा ने टेलीग्राम पर दी। हमलों की वजह से डेस्निआनसकी जिले में एक 19 साल का लड़का इमारत का मलबा गिरने से घायल हो गया।

वहीं BBC के मुताबिक यूक्रेन ने नए साल की शाम को डोनटेस्क इलाके में 400 रूसी सैनिकों को मार गिराया। इसकी पुष्टि रूस ने भी की है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया है कि उनके कितने सैनिक मारे गए।

कीव में सोमवार को 1 बजे से सायरन सुनाई दे रहे कीव में रूसी हमलों की चेतावनी देने के लिए 4 घंटों से लगातार एयर रेड सायरन बजाए जा रहे हैं। गवर्नर ओलेक्सी कल्यूबा ने लोगों से अपील की है कि वो शेल्टरों में रहें। उन्होंने बताया कि यूक्रेन का एयर डिफेंस इन हमलों को रोकने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है।

यूक्रेन डट कर दे रहा रूसी हमलों का जवाब
अलजजीरा के मुताबिक सुबह तीन बजे से यूक्रेन ने कीव के आसमान में मंडरा रही 20 संदिग्ध चीजों को तबाह किया है। इनके रूस की तरफ से भेजे गए शाहीद ड्रोन होने की आशंकाएं थीं। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक रविवार रात को भी यूक्रेन ने रूस की तरफ से भेजे गए 45 ईरानी ड्रोन्स को तबाह कर दिया था।

नए साल पर पुतिन और जेलेंस्की में जुबानी जंग हुई
नए साल के दिन भी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की में जुबानी जंग हुई। दोनों ने नए साल पर अपने देश को संबोधित किया। पुतिन ने 9 मिनट लंबे संबोधन में कहा हमारी सेना अपनी मातृभूमि, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रही है। हम जंग जीतेंगे, अपने परिवारों के लिए रूस के लिए।

वहीं इसके पलटवार में यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदोमिर जेलेंस्की ने भी वीडियो मैसेज जारी किया है। इसमें जेलेंस्की ने रूस के लोगों को कहा है कि पुतिन उन्हें तबाह कर रहा है। वो अपने सैनिकों का नेतृत्व नहीं कर रहा बल्कि उनकी आड़ में छिप रहा है।

यूक्रेन में साल के आखिरी दिन भी नहीं रुकी जंग
2022 खत्म होते-होते रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर मिसाइलों से हमला किया। न्यू ईयर की शाम को पूरा देश धमाकों की आवाज से गूंज गया। इन हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। कड़कड़ाती ठंड में नए साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे यूक्रेन के लोगों को इससे बड़ा झटका लगा है। यह पिछले तीन दिनों में रूस का यूक्रेन पर दूसरा बड़ा मिसाइल अटैक है।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *