• April 25, 2024 3:16 pm

CDS बिपिन रावत के भाई कर्नल विजय भाजपा में शामिल, उत्तराखंड से लड़ सकते हैं चुनाव

19 जनवरी 2022 |   दिवंगत CDS जनरल बिपिन रावत के भाई रिटायर्ड कर्नल विजय रावत बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि वे उत्तराखंड से चुनाव लड़ सकते हैं। विजय रावत ने सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की थी। इसके बाद कहा था कि विचारधारा भाजपा से मिलती है और पार्टी ने कहा तो चुनाव भी लड़ूंगा।

उत्तर प्रदेश में अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी भाजपा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। नड्डा ने बताया कि सहयोगी दलों के साथ सीटों पर सहमति बन गई है। NDA यूपी में 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अपना दल प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने कहा कि संयुक्त गठबंधन से ही देश और प्रदेश में मजबूत सरकार का निर्माण हुआ। डबल इंजिन के साथ गति से उत्तर प्रदेश में विकास हुआ।

रैलियों पर रोक के बीच भाजपा ने UP में स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की
भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट बुधवार को जारी कर दी। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ और हेमा मालिनी के नाम शामिल हैं। चुनाव आयोग ने कोरोना के खतरे को देखते हुए अभी 22 जनवरी तक चुनावी राज्यों में रैलियों और सभाओं पर रोक लगा रखी है। पहले यह रोक 15 जनवरी तक थी, जिसे रिव्यू के बाद बढ़ाकर 22 जनवरी कर दिया गया।

आज की अन्य बड़ी खबरें…
बिहार के बेतिया में नाव पर लदा ट्रैक्टर नदी में डूबा;नाव पर 24 लोग थे सवार

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां के बेतिया इलाके में नाव पर सवार गन्ना लदा टैक्टर नदी में डूब गया। हादसे के वक्त नाव पर 24 लोग सवार थे। एक महिला का शव स्थानीय गोताखोरों ने निकाला है।

जानकारी के मुताबिक, नाव पर लदा ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया और नदी में डूब गया। नदी में गिरते ही कुछ लोग तैरकर निकल गए। ट्रैक्टर ड्राइवर सहित 4 लोगों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। 

अमित पालेकर गोवा में AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। अरविंद केजरीवाल ने पणजी में बुधवार को इस बात का ऐलान किया। पालेकर भंडारी समाज से हैं। पेशे से वकील हैं। उन्होंने पिछले साल आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब CM पद के लिए भगवंत मान के नाम का ऐलान किया था। बता दें कि गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। परिणाम 10 मार्च को आएगा।

गोवा में 35% आबादी भंडारी समाज की
AAP ने अमित को पार्टी का चेहरा बनाकर एक बड़ा दांव खेला है। राज्य में तकरीबन 35 फीसदी आबादी भंडारी समाज की है। यहां उनकी अच्छी इमेज है। वे हमेशा से सांताक्रूज इलाके में एक्टिव रहे हैं। उनकी मां यहीं से दस साल तक सरपंच रह चुकी हैं। वे बीते दिनों चर्चा में रहे जब वह ओल्ड गोवा हैरिटेज परिसर में अवैध तरीके से बनाए जा रहे एक बंगले के खिलाफ अनशन पर बैठ गए थे। उनकी भूख हड़ताल के आगे सरकार को झुकना पड़ा और गोवा सरकार ने विवादित ढांचे के खिलाफ कार्रवाई की।
अखिलेश यादव लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अभी तक सीट तय नहीं हुई है। न्यूज एजेंसी ANI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है। साल 2000 में प्रदेश की कमान संभालने वाले राजनाथ सिंह फिलहाल वो आखिरी नेता हैं जो विधानसभा चुनाव जीतकर राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।

दैनिक भास्कर से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा था पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के बाद खुद के चुनाव मैदान में उतरने पर फैसला करूंगा। अगर चुनाव लड़ते हैं, तो अखिलेश पहली बार विधानसभा का रण लड़ेंगे।

हिमाचल प्रदेश जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में नेशनल हाईवे-3 पर एवलॉन्च हुआ है। घाटी के रोपसांग, मूलिंग नाला सहित 5 स्थानों पर रास्ते बंद होने से पांगी से कुल्लू आ रहे 60 यात्री लाहौल घाटी में फंस गए थे। घाटी में फंसे सभी यात्रियों को देर रात 11:00 बजे तक रेस्क्यू करके जिला मुख्यालय केलांग पहुंचाया गया, जहां उन्हें नए सर्किट हाउस में ठहराया गया है।

यहां उनकी खाने-पीने की व्यवस्था आपदा प्रबंधन और प्रशासन की तरफ से की गई है। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय केलांग से करीब 27 किलोमीटर दूर रोपसांग नाला और 12 किलोमीटर दूर मलिंग नाला में एवलॉन्च हुआ था। 

हफ्ते के तीसरे दिन आज बाजार में गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 400 पॉइंट्स गिर कर 60,345 पर पहुंच गया है। टेक कंपनियों के शेयर्स में ज्यादा गिरावट है। इंफोसिस और विप्रो का स्टॉक 2-2% नीचे है।

सेंसेक्स सुबह 91 अंक बढ़कर 60,845 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 60,870 का ऊपरी और 60,442 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 8 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 22 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, डॉ. रेड्‌डी और रिलायंस इंडस्ट्रीज हैं।

भाजपा के पश्चिमी UP के उपाध्यक्ष केके शुक्ला ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है। वह टिकट न मिलने से नाराज थे। BJP को अलविदा कहने के बाद वे BSP में शामिल हो गए। BSP ने उन्हें गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट से टिकट दिया।

केके शुक्ला भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष थे। आचार संहिता घोषित होने से पहले भाजपा ने तमाम शहरों में जनविश्वास यात्राएं निकालीं। उन्हें इन यात्राओं का वेस्ट UP क्षेत्रीय संयोजक बनाया गया था।

Source;-“दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *