10 सितंबर 2022 | सूबे के औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 11 से 18 सितंबर तक जर्मनी का दौरा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अक्षय ऊर्जा, कार निर्माण, फार्मास्युटिकल्स, उन्नत कृषि प्रथाओं और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में निवेश और रणनीतिक गठजोड़ करने के लिए व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों और कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे।
सीएम मान म्यूनिख, फ्रैंकफर्ट और बर्लिन में अपने प्रवास के दौरान बीएमडब्ल्यू, बेवा और अन्य प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से निवेश, तकनीकी जानकारी और जर्मन कंपनियों से विशेषज्ञता हासिल करने में राज्य को फायदा मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से पंजाब को जर्मनी में उद्यमियों के लिए अवसरों और विकास की भूमि के रूप में प्रदर्शित करेंगे। पंजाब पहले से ही देश में निवेश का सबसे पसंदीदा स्थान है। राज्य में नए निवेश के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि यह दौरा प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
