06 जून 2022 । नगर निगम चुनाव को लेकर बैरागढ़ में कांग्रेस एवं भाजपा की स्थानीय इकाइयां सक्रिय हो गई हैं। ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने यहां के छह वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन पत्र लिए। भाजपा महिला मोर्चा ने चौपाल लगाकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने की अपील की।
कांग्रेस की बैठक जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पहली बार कांग्रेस नेता गुटबाजी भूलकर एक मंच पर नजर आए। पूर्व विधायक जितेंद्र डागा, पिछले विधानसभा चुनाव में हुजूर क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नरेश ज्ञानचंदानी, प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक दीपानी एवं ब्लाक अध्यक्ष अशोक मारण आदि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि नगर निगम चुनाव सभी को मिलकर लड़ना है। मिश्रा ने कहा कि एकजुट होकर ही हम चुनाव जीत सकते हैं। प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक दीपानी ने कहा कि यह स्वभाविक बात है कि प्रत्येक वार्ड में एक से अधिक दावेदार हैं लेकिन टिकट तो एक ही कार्यकर्ता को मिलेगा इसलिए चुनाव मिलकर लड़ना होगा। डागा ने कहा कि जनता परेशान है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर समर्थन प्राप्त करें। बैठक में जोन के सभी छह वार्डाें के दावेदारों ने अपने आवेदन पेश किए। गांधीनगर से लक्ष्मण राजपूत ने दावा पेश किया।
Souirce :- “नई दुनिया “
