• April 25, 2024 9:36 pm

गुजरात में बढ़ा कोरोना प्रकोप-बोले मुख्यमंत्री- नहीं होगा लॉकडाउन

By

Mar 19, 2021
गुजरात में बढ़ा कोरोना का कहर, सरकार ने 30 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज किए बंद

गांधीनगर/ अहमदाबाद। गुजरात में एक बार फिर कोरोना बेकाबू होता दिख रहा है। चौकन्नी सरकार ने राज्य के चार महानगरों में अधिकांश सुविधाएं बंद करा दी हैं। इसी बीच गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक बात स्पष्ट कर दी कि राज्य में लॉकडाउन की स्थिति नहीं आने दी जायेगी।

गुरुवार को मुख्यमंत्री रुपाणी ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि राज्य वर्तमान में लॉकडाउन लागू होने जैसी कोई बात नहीं है। सरकार ने आठ नगर निगम क्षेत्रों के स्कूलों और कॉलेजों में ऑफ़लाइन शिक्षा बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 के दौरान हमने कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी और गुजरात के लोगों ने अपना पूरा समर्थन दिया। फरवरी 2021 में कोरोना के मामले कम होते गए और इसके बाद लोग लापरवाह हो गए। इससे कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा।

उन्होंने कहा कि कोरोना मामलों को देखते हुए राज्य के अस्पतालों में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में राज्यभर में पांच हजार बेड उपलब्ध हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी बेड तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम लॉकडाउन किसी भी परिस्थिति दोबारा नहीं आने देंगे। वर्तमान में राज्यभर में तीन लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसे अभी और बढ़ाया जाएगा।

होली के आयोजनों को लेकर अभी संशय
राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार होली पर आयोजित होने वाले समारोह को लेकर अभी को रणनीति नहीं बना सकी है। राज्य के चार महानगरों में कुछ प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि कोरोना के लिए बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विधानसभा सत्र को छोटा किया जा सकता है। इस संबंध में कार्य सलाहकार समिति की बैठक में कोई निर्णय लिया जा सकता है।

विधानसभा में बगैर मास्क के लगेगा जुर्माना
इसके साथ ही सरकार ने कोरोना को फैलने से रोकने के लिए एक बार फिर सख्ती करना शुरू कर दिया है।विधानसभा सत्र के दौरान बिना मास्क के घूमने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और विधायकों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है।

चार महानगरों में वरिष्ठ सचिवों को मिली जिम्मेदारी
राज्य के चार महानगरों में कोरोना के बढ़ते मामलों को नियंत्रण करने के लिए सरकार ने शासन के चार वरिष्ठ सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी है। यह सचिव महानगरों में कोरोना के नियंत्रण और उपचार के उपायों के लिए स्थानीय निकायों का मार्गदर्शन करेंगे। नर्मदा विकास निगम के सचिव राजीव गुप्ता को अहमदाबाद, शिक्षा सचिव विनोद राव और वित्त सचिव (व्यय) मिलिंद तोरवने को वडोदरा, उद्योग आयुक्त राहुल गुप्ता को राजकोट और जीआईडीसी के प्रबंध निदेशक एन थन्नारसन को सूरत की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *