28 अक्टूबर 2021 | दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट (डीडीएमए) के आदेश के बाद दिल्ली सरकार ने आस्था के पर्व, छठ महापर्व के सार्वजनिक आयोजन को मंजूरी दे दी है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के व्यक्तिगत प्रयास के बाद दिल्ली में छठ महापर्व के सार्वजनिक आयोजन को मंजूरी मिली है। सिसोदिया ने कहा कि पिछले 1 महीने से सीएम उपराज्यपाल व केंद्र सरकार के मंत्रियों से लगातार दिल्ली में छठ पूजा के सार्वजनिक आयोजन को लेकर अपील कर रहे थे।
उन्होंने उप राज्यपाल को इस संबंध में पत्र भी लिखा था। सिसोदिया ने भी केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर छठ महापर्व के सार्वजनिक आयोजन को अनुमति देने का आग्रह किया था। इस बाबत उपराज्यपाल की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक का आयोजन किया गया था।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के हालात काबू में
बैठक में ये फैसला लिया गया कि दिल्ली में कोरोना के हालात काबू में है। पिछले कई हफ्तों से दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.1 फीसदी से भी कम आ रही है। इसे देखते हुए दिल्ली में निर्धारित छठ घाटों पर कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए छठ-पूजा के सार्वजनिक आयोजन किया जा सकेगा।
सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर बेहद सावधानी से मनाए छठ पर्व
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में सभी कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित छठ घाटों पर छठ पूजा का सार्वजनिक आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही एक एसओपी जारी किया जाएगा। उन्होंने छठ व्रतधारियों से अपील करते हुए कहा कि आस्था का पर्व छठ महापर्व बहुत बड़ा त्यौहार है इसलिए बेहद सावधानी के साथ इसका आयोजन किया जाए।
Source :- दैनिक भास्कर
