• June 9, 2026 11:18 pm

बिजली विभाग की मनमानी: गले में मीटर लटकाकर कलेक्टर दफ्तर पहुँचा ग्रामीण

Share More

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में बिजली विभाग की मनमानी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। ग्राम सुढहेला निवासी विश्वनाथ भारद्वाज मंगलवार को गले में स्मार्ट मीटर लटकाए हुए कलेक्टर कार्यालय पहुँच गया।
विश्वनाथ का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद विभाग ने 8 महीने तक बिजली बिल जारी नहीं किया। लेकिन अचानक ही उसे 22 हजार रुपए का भारी-भरकम बिल थमा दिया गया।
युवक ने बताया कि पुराने मीटर से उसका बिजली बिल कभी भी 200 रुपए से ज्यादा नहीं आया। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले तो बिल नहीं आया और फिर अचानक हजारों का बिल थमा दिया गया।
जब उसने स्थानीय बिजली कार्यालय में शिकायत की तो अधिकारियों ने पहले टालमटोल किया और फिर कहा कि बिल चुकाना ही पड़ेगा। बाद में मुख्यालय कार्यालय में जांच हुई तो बिल को घटाकर 50% यानी 10,800 रुपए कर दिया गया।
विश्वनाथ ने इस मनमाने बिल का विरोध जताते हुए गले में स्मार्ट मीटर लटकाकर कलेक्टर से मिलकर आवेदन दिया और कहा कि वह यह मीटर लौटाना चाहता है।
गौरतलब है कि बलौदाबाजार जिले में मनमाने बिजली बिल की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उपभोक्ता कार्यालय पहुँचते हैं तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, सिर्फ एक ही बात कही जाती है — “बिल पटाना ही पड़ेगा”।
अब देखना होगा कि कलेक्टर की दखल के बाद बिजली विभाग इस ग्रामीण की समस्या का क्या समाधान करता है।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *