• April 20, 2024 9:50 am

जानलेवा हुए हाथी-जशपुर-कोरबा में हाथियों ने दो को मारा-बालोद व अंबिकापुर के गांवों में फसलों को रौंदा, अलर्ट जारी

ByPrompt Times

Sep 18, 2021

18-सितम्बर-2021 | जिले के गुरूर, बालोद, डौंडी के बाद अब डौंडीलोहारा ब्लॉक में भी पहली बार गजराज की एंट्री हो गई है। जिसकी पुष्टि वन विभाग ने की है। इस तरह जिले के कुल 5 में से 4 ब्लॉक में चंदा हाथियों का दल दस्तक दे चुका है। जिससे लोगों में खौफ है। ग्राम ढूटामारदी के पारा डुमडुमटोला के किसान चिंताराम जिसका मकान गांव से अलग है, वहां छप्पर को तोड़कर हाथियों का दल घुसा और धान व चावल खा गया।वहीं चिंताराम, उसकी पत्नी व दो बच्चों ने घर के दूसरे हिस्से में स्थित घर के पटाव में छिपकर अपनी जान बचाई। चिंताराम का घर गांव के अंतिम छोर में स्थित है। जो दल्लीराजहरा वन रेंज में आता है। उस किसान के लगभग एक एकड़ के मक्का (भुट्टे) की फसल को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। एक दिन पहले ही अड़जाल के जंगल में एक हाथी ने एक किसान को कुचल दिया था। लोहारा रेंज में गुरुवार रात लगभग 11 बजे ग्राम कोड़ेकसा-खड़बत्तर के जंगल में हाथियों के आगमन की सूचना वन विभाग को मिली।

जशपुरनगर : घर लौट रहे युवक को हाथियों ने पटककर मार डाला
तपकरा वन परिक्षेत्र में गुरुवार की रात हाथियों ने साइकिल से घर लौट रहे एक युवक वीरेंद्र कुजूर को सूंड से उठाकर पटक-पटककर मार डाला। मारने के बाद भी हाथी युवक के शव से खेलते रहे। बाद में उसे सड़क से दूर एक खेत के कीचड़ में दबा दिया था। सुबह सड़क पर सिर्फ युवक की साइकिल मिली थी। लाश ढूंढ़ने में ग्रामीणों को घंटोें लग गए। जानकारी के मुताबिक जुनवाइन निवासी वीरेंद्र अपने निजी काम से ग्राम खारीबहार गया था। रात करीब 8 बजे वह साइकिल पर टार्च जलाते हुए अपने गांव लौट रहा था।

कोरबा : हाथी आया तो नि:शक्त महिला को छोड़ भागे परिजन, लौटे तो मिली लाश
कटघोरा वन मंडल के पसान परिक्षेत्र में गुरुवार रात हाथी ने घर में सो रही महिला को कुचलकर मार डाला। महिला मानसिक रूप से कमजोर होने के साथ ही सुनने और बोलने में कमजोर थी। हाथी की आहट सुनकर उसके परिजन उसे छोड़कर भाग गए। इसलिए उनकी जान बच गई। घटना से गांव में दहशत के साथ ही ग्रामीणों में आक्रोश है। वन विभाग ने मृतिका के परिजन को 25 हजार की तत्काल सहायता राशि दी है। ग्राम पंचायत अमझर के लमनीडाड़ निवासी 35 वर्षीय दसमतिया बाई पति जयसिंह धनुवार गुरुवार रात अपने कच्चे मकान में सो रही थी। वह मानसिक रूप से कमजोर होने के साथ ही सुनने में भी असमर्थ थी।

महासमुंद : सिरपुर क्षेत्र में 2 हाथी मौजूद आधा दर्जन गांवों कोे किया सावधान
इधर, सिरपुर क्षेत्र में भी दो हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिली है। हाथियों की मौजूदगी के आधार पर इस क्षेत्र में गश्ती दल की टीम को अलर्ट कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ग्राम बंदोरा निवासी अमृत पटेल ने वन विभाग को बताया कि उसने बंदोरा स्कूल के पीछे की पहाड़ी में सुबह 5 बजे हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनी है। इसके बाद से ग्राम बंदोरा, खिरसाली, अचानकपुर, केशलडीह, झाखरमुड़ा, रायमुड़ा सहित आसपास के गांव में अलर्ट जारी किया गया है। उधर एमई-1 टस्कर एक बार फिर से ग्राम कोना होते हुए गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर रेंज में पहुंच गया है। ऐसा इस साल चौथी बार हुआ है

अंबिकापुर : हाथियों ने तोड़े 4 मकान, 8 एकड़ की फसल भी रौंदी
गुरुवार रात केसमा में चार लोगों का घर हाथियों के तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के दौरान सो रहे लोगों ने पड़ोसियों को चिल्लाकर जगाया और 500 मीटर दूर बने पीएम आवास में लकड़ी के सहारे चढ़कर खुद की जान बचाई। मालूम हो कि 12 दिनों से उदयपुर रेंज में 8 हाथियों का दल उत्पात मचा रहा है। इस कारण कई लोगों की फसल के साथ कई मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वहीं एक ही परिवार के 3 लोगों की हाथियों ने हत्या भी कर दी थी। अब गुरुवार रात हाथियों का दल शायर से लगे आश्रित ग्राम भूडुमार में 12 बजे पहुंचा। इस दौरान लोग सो रहे थे। इसके बाद वह एक युवक के घर में तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान हाथियों ने इंदरलाल, लोकेश गोस्वामी, नान्हीराम, सुनीता लोहार के घर को क्षतिग्रस्त कर अंदर रखे सामान को बिखेर दिया। वहीं चंदरकिंडो, जगमोहन और रुहर साय के 8 एकड़ खेत में लगी धान की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *