• April 20, 2024 8:37 am

सरकारी कंपनियों की सेल लगाएगी सरकार, जल्द ही कई कंपनियों के ऑफर फॉर सेल आने की संभावना

ByPrompt Times

Sep 30, 2021

30-सितम्बर-2021 |  केंद्र सरकार जल्द ही सरकारी कंपनियों की सेल लगाने जा रही है। आने वाले दिनों में कई सरकारी कंपनियों के ऑफर फॉर सेल (OFS) आने की संभावना है। इसके लिए विनिवेश विभाग मर्चेंट बैंकर और कानूनी सलाहकारों की नियुक्ति कर रहा है। हाल ही में इन पदों के लिए आवेदन मंगाए गए हैं।

मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल में 29 MBBS स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव
मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल में MBBS के 29 स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 27 स्टूडेंट फुली वैक्सिनेटिड हैं, यानी इन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। 23 स्टूडेंट सेकंड ईयर के छात्र हैं, जबकि 6 स्टूडेंट फर्स्ट ईयर के हैं। दो छात्रों को सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि बाकी सभी को क्वारैटाइन होने को कहा गया है।

महाराष्ट्र ATS ने मुंबई से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया
महाराष्ट्र ATS ने मुंबई से मुहम्मद इरफान रहमत अली शेख नाम के एक संदिग्ध आतंकी को बांद्रा में उसके घर से गिरफ्तार किया है। 50 साल का मुहम्मद इरफान पेशे से दर्जी है। तीन दिन पहले ATS को रिजवान मोमिन और जाकिर हुसैन शेख की कस्टडी मिली थी। इन दोनों ने ही मुहम्मद इरफान के बारे में बताया। पुलिस को उसके घर से 49 हजार रुपए भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में किया जाना था।

गुजरात के डैम में नहाते-नहाते डूबने लगा युवक, महिलाओं ने हिम्मत दिखाकर बचाया

गुजरात के जूनागढ़ में विलिंगडन डैम में हादसा होते-होते टला। यहां एक युवक डूब रहा था, जिसे महिलाओं ने बचा लिया। दरअसल भारी बारिश के चलते विलिंगडन डैम ओवरफ्लो हो रहा है, जिसे देखने के लिए कल कई लोग जूनागढ़ पहुंचे थे। उस समय एक युवक बांध के सामने नहा रहा था। पानी के तेज बहाव के चलते वह डूबने लगा। तभी वहां मौजूद महिलाओं ने फुरती और साहस दिखाते हुए उस युवक का बचा लिया।

पंजाब में केजरीवाल के 6 चुनावी वादे

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य के लिए 6 चुनावी वादे किए हैं। इसके तहत सरकारी अस्पतालों में इलाज और ऑपरेशन मुफ्त होगा। ​​​​​दवाइयां और टेस्ट भी मुफ्त ही मिलेंगे। पंजाब के हर व्यक्ति को एक हेल्थ कार्ड जारी किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली जैसा मोहल्ला क्लिनिक हर पिंड में बनाया जाएगा, जिसे पिंड क्लिनिक नाम दिया जाएगा।

एंटीलिया विस्फोटक केस में NIA को संदेह- गिरफ्तारी के डर से देश छोड़कर जा चुके हैं परमबीर सिंह
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर ‘एंटीलिया’ के बाहर से मिली विस्फोटकों से भरी स्कॉर्पियो और उसके मालिक मनसुख हिरेन की हत्या मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) को संदेह है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह देश से फरार हो चुके हैं।NIA ने उन्हें कई बार पूछताछ के लिए समन भेजा लेकिन उनकी ओर से इसे रिसीव नहीं किया गया है। जांच एजेंसी का मानना है कि परमबीर गिरफ्तारी के डर से देश छोड़ चुके हैं। उनके यूरोप में होने की आशंका जताई जा रही है।

प. बंगाल की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी
पश्चिम बंगाल की भावनीपुर समेत तीन विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। 9 बजे तक भवानीपुर के साथ ही मुर्शिदाबाद जिले की जंगीपुर और शमशेरगंज सीटों मतदान की शुरुआत धीमी रही है। भवानीपुर सीट से खुद राज्य की मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी मैदान में हैं। उनके खिलाफ BJP ने प्रियंका टिबरेवाल को उतारा है। प्रियंका ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस ने बूथ कैप्चर करने की कोशिश की।भाजपा ने यहां से हाईकोर्ट की वकील प्रियंका टिबरेवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। भवानीपुर से कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं इनमें पांच महिलाएं हैं। कांग्रेस ने भवानीपुर सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है जबकि सीपीएम ने श्रीजीव विश्वास को अपना उम्मीदवार बनाया है।

ओडिशा की पिपीली सीट पर 11 बजे तक 24.76% मतदान
ओडिशा के पुरी जिले में पिपीली विधानसभा सीट पर भी 7 बजे से वोटिंग शुरू हो रही है। 11 बजे तक यहां 24.76% मतदान हुआ। यहां से 10 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें बीजू जनता दल के रुद्रप्रताप महारथी, भाजपा के आश्रित पट्‌टनायक और कांग्रेस के बिश्वोकेशन हरिचंदन मोहापात्रा शामिल हैं।

राजस्थान के बांसवाड़ा में बांध खुलने से जलमग्न हुआ मंदिर

बांसवाड़ा में माही बांध का पानी छोड़े जाने पर संगमेश्वर मंदिर पानी में डूब गया।

UP में पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत की SIT जांच की मांग
कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की गोरखपुर में पुलिस के हाथों हत्या मामले ने तूल पकड़ दिया है। मनीष की पत्नी ने SIT जांच की मांग की है। आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने कानपुर पहुंच रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी बात की थी।

मेघालय में बस नदी में गिरी, चार लोगों की मौत

मेघालय में तुरा से शिलांग जा रही एक बस रिंगदी नदी में गिर गई। हादसे में चार लोगों की जान गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में फंसे यात्रियों को बचाने के लिए राहत कार्य जारी है।

मुंबई में ट्रेन और प्लेटफार्म के गैप में गिरी महिला, ऐसे बची जान
चलती ट्रेन में उतरने के चक्कर में एक महिला ठाणे के कल्याण स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफार्म गैप में गिर पड़ी। इससे पहले की वह पटरियों पर गिरती, मौके पर मौजूद जीआरपी के कॉन्स्टेबल ने दौड़ कर उसे पकड़ लिया और महिला की जान बच गई।

आज फिर महंगे हुए पेट्रोल-डीजल
आज एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को डीजल 25 और पेट्रोल 30 पैसे महंगा हुआ है। इसके बाद यहां पेट्रोल 101.64 और डीजल 89.87 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। कच्चे तेल (क्रूड ऑइल) की बढ़ती कीमतों के कारण आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं।

Source:-दैनिक भास्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *