22 नवम्बर2021 | रांची यूनिवर्सिटी से इस साल भी पास होने विद्यार्थी अपनी इच्छा के अनुसार राज्य के बाहर के उच्च शिक्षण संस्थानों के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिला नहीं ले सके। क्योंकि, अभी तक रांची यूनिवर्सिटी में स्नातक के किसी भी स्ट्रीम का रिजल्ट नहीं आया है। जबकि, जेएनयू समेत प्रमुख विवि के पीजी कोर्सों में एडमिशन बंद हो चुका है। इसलिए, इस वर्ष रांची विवि के स्नातक पास विद्यार्थियों को राज्य के बाहर के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने का सपना पूरा नहीं पाएगा।
बताते चलें कि प्रत्येक साल रांची यूनिवर्सिटी से स्नातक कला, विज्ञान और वाणिज्य स्ट्रीम से लगभग 27 हजार स्टूडेंट्स पास करते हैं। इसमें से औसतन हर साल आठ सौ स्टूडेंट्स बाहर के उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिला के लिए जाते हैं। विनोबा भावे विवि हजारीबाग समेत अन्य विवि में भी स्नातक के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं।
स्नातक का रिजल्ट आने के बाद माइग्रेशन लेने वाले विद्यार्थियों की भीड़ विवि मुख्यालय में लगी रहती थी। औसतन हर साल स्नातक रिजल्ट के बाद एक हजार से अधिक छात्र माइग्रेशन लेते थे। इसमें से लगभग सात सौ उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए बाहर जाते हैं।
जेएनयू व अन्य विवि के पीजी में एडमिशन बंद
दिल्ली की बात करें तो जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्सेज के लिए एंट्रेस एग्जाम ले जा चुका है। दिल्ली विश्वविद्यालय में भी प्रवेश परीक्षाएं हो चुकी हैं। इसी आधार पर एडमिशन भी लिया जा चुका है। रांची विवि के स्नातक का अभी तक रिजल्ट नहीं आया है। जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में प्रवेश परीक्षाएं सितंबर में हुई थी। सफल विद्यार्थियों का एडमिशन हो चुका है।
डीएसपीएमयू : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) और रांची यूनिवर्सिटी एक ही कैंपस में है। डीएसपीएमयू में भी स्नातक की परीक्षा विलंब से की गई। पीजी कोर्सों में एडमिशन चल रहा है। वहीं, आरयू प्रशासन रिजल्ट जारी करने में लगा हुआ है।
मारवाड़ी कॉलेज : मारवाड़ी कॉलेज प्रबंधन ने स्नातक फाइनल सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षा का प्रोग्राम जारी किया था। लेकिन, प्रोग्राम जारी करने के एक-दो दिन बाद रद्द कर दिया। इस साल भी समय पर यूजी का परीक्षा परिणाम जारी नहीं कर सका।
इसलिए यह स्थिति…
आरयू में स्टूडेंट्स की संख्या अधिक है। 30 हजार स्टूडेंट्स की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने का सिस्टम विकसित नहीं हुआ। इसलिए, ऑनलाइन एग्जाम नहीं हो सकता है। बताते चलें कि पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई थी, जिसमें उच्च शिक्षा सचिव ने ऑनलाइन परीक्षा का सिस्टम विकसित करने के लिए सभी विवि को प्रस्ताव भेजने की बात कही थी।
कई बैठकें हुईं, पर परीक्षा पर निर्णय नहीं
कोविड-19 सेल की कई बैठकें कैंपस में हुईं, लेकिन ऑनलाइन परीक्षा पर निर्णय नहीं हुआ। कहा गया कि फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा ऑफलाइन आयोजित होगी। अब बहाना मिला कि कोरोना के चलते विलंब हो गया।
कोरोना संक्रमण के चलते विलंब से परीक्षा हुई
- समय पर स्नातक की परीक्षा नहीं होने से रिजल्ट लंबित है? बाहर के उच्च शिक्षण संस्थानों में एडमिशन नहीं होगा?
-ऑफलाइन परीक्षा आयोजित होनी थी। कोरोना संक्रमण के चलते विलंब से परीक्षा आयोजित हुई।
- स्नातक स्ट्रीम का रिजल्ट कब आएगा?
-एक से दो दिनों में स्नातक का रिजल्ट आने लगेगा। सबसे पहले कॉमर्स का रिजल्ट घोषित होगा।
Source :-“दैनिक भास्कर”
