• April 25, 2024 4:10 pm

मेरठ की गोल्ड मंडी से ग्राउंड रिपोर्ट-500 किलो सोने की ढलाई, हिमाचल-पंजाब से सबसे ज्यादा ऑर्डर, सिक्कों पर अपनी फोटो भी छपवा सकते हैं

ByPrompt Times

Oct 30, 2021 ##coins, ##gold, ##UP

30 अक्टूबर 2021 | दिवाली में अब चंद दिन बचे हैं। इससे पहले धनतेरस मनाया जाएगा। इसे लेकर एशिया की सबसे बड़ी सोना मंडी कहलाने वाली मेरठ के सराफा बाजार में तैयारी जोरों पर हैं। बाजार की नीलगली में दिनरात सिक्कों की ढलाई हो रही है। इस बार यहां के ज्वेलर्स को हिमाचल, पंजाब तक से ऑर्डर मिले हैं।

ज्वेलर्स का कहना है कि 3 सालों में इस बार सबसे ज्यादा सोने के सिक्कों की डिमांड है। यह कोरोना के बाद बदले माहौल का असर है। इसलिए लोग गोल्ड में निवेश करना पसंद कर रहे हैं। यहां आप अपनी फोटो के साथ भी सिक्के बनवा सकते हैं।

सराफा कारोबारी संत कुमार वर्मा कहते हैं कि मेरठ में दिवाली पर औसतन 500 किलो सोने के सिक्के ढलते हैं। इसमें उतार-चढ़ाव भी हो जाता है। कोरोना के बाद इस साल 25 फीसदी का मांग में इजाफा सामने आया है। छोटे सिक्के ज्यादा बन रहे हैं। मेरठ में 3500 सराफा कारोबारी हैं।

इस दफा करवा चौथ से पहले मिलने लगे आर्डर
सिक्के ढालने वाले कारीगर कोमल का कहना है कि 80,000 कारीगर सोने के कारोबार से जुड़े हैं। उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल तक सोने के सिक्कों की आपूर्ति जाती है। यूपी के अधिकांश जिलों में मेरठ के सिक्के ही बाजार में बिकते हैं। कारोबारियों के मुताबिक इस दफा करवा चौथ के पहले से आर्डर मिलने शुरू हो गए थे।

आभूषण पहनने से ज्यादा इन्वेस्टमेंट के लिए सोना ले रहे लोग
सराफा कारोबारी आकाश की माने तो कोरोना में लोगों ने फाइनेंशियल क्राइसिस झेली। अब लोग आभूषण पहनने से ज्यादा इन्वेस्टमेंट के लिए सोना ले रहे हैं। लोगों का रुझान सोने के बने हुए गिफ्ट आइटम और सजावटी सामान की खरीद फरोख्त पर शिफ्ट हुआ है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की गोल्ड डिमांड ट्रेंड 2021 की रिपोर्ट के अनुसार भारत में सितंबर में सोने की मांग 37 प्रतिशत बढ़ी है।

अपनी फोटो, अपने नाम का बनवाएं सिक्का
सिक्कों के होलसेल सप्लायर संजीव वर्मा कहते हैं कि पिछली दफा कोरोना के कारण नए डिजायन के सिक्के बाजार में नहीं थे। इस बार फोटो वाले सिक्के भी बाजार में हैं। कोई भी व्यक्ति अपने नाम, फोटो, पहचान, मुहर, संदेश वाला सिक्का डिजायन करवा सकता है। डाई के लिए एक्स्ट्रा चार्ज लगता है। हर वजन, आकार में कस्टमाइज सिक्का बन जाता है। कुछ कॉरपोरेट्स ने ब्रांड नेम के सिक्के बनाने का ऑर्डर दिया है। सिक्कों में गोल, ओवल, चौकोर शेप के अलावा ट्राएंगल, ईंट, पान, चि़ड़ी के आकार के सिक्के हैं। गुलाब के फूल का भी सिक्का है। कलरफुल और प्लेन सिक्के हैं।

1 से 20 ग्राम तक वजन
सोने में 1 ग्राम के वजन से सिक्कों की शुरूआत है। 1 ग्राम सोने का सिक्का 5 हजार रुपए में है। अधिकतम 20 ग्राम वजन का सिक्का तैयार है। 20 ग्राम से अधिक वजन का सिक्का ऑर्डर पर तैयार होता है। अभी 20 ग्राम से ज्यादा वजन के सिक्कों का ऑर्डर नहीं है। 1 ग्राम के बजट सिक्के का ऑर्डर ज्यादा है।

सोने के सिक्कों का वजन रेट

वजनकीमत
01 ग्राम5150 रूपए
02 ग्राम10 हजार रूपए
05 ग्राम25,200 रूपए
08 ग्राम40,100 रूपए
10 ग्राम51,500 रूपए

Source :- “दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *