• April 25, 2024 4:27 pm

कल से भारी बारिश, विभाग का पूर्वानुमान, 30 जुलाई तक सताएगा मौसम

ByPrompt Times

Jul 25, 2020
कल से भारी बारिश, विभाग का पूर्वानुमान, 30 जुलाई तक सताएगा मौसम

शिमला – हिमाचल प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान मौसम कडे़ तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने राज्य के शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, चंबा व सिरमौर में 26-27 जुलाई को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। 27 जुलाई को मैदानी इलाकों में भी गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि राज्य में शनिवार से अनेक स्थानों पर बारशि होने की संभावना जताई जा रही है। हिमाचल के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह बारिश हुई, वहीं मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर बाद धुंध छाई रही। इससे अधिकतम तापमान में एक से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। केलांग के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

इसके अलावा शिमला, बिलासपुर और हमीरपुर के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। वहीं, कल्पा व ऊना के तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री का उछाल आया है। नाहन व चंबा में दो और अन्य क्षेत्रों के तापमान में एक डिग्री का उछाल आया है। बीते 24 घटों के दौरान धर्मशाला, भरमौर, नगरोटा, कोठी और ऊना में बारिश हुई है। इसके अलावा राज्य के शेष क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 26 व 27 जुलाई को बहुत भारी बारिश होगी। 27 जुलाई को मैदानी इलाकों में भी गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य में शनिवार से 30 जुलाई तक अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

पीडब्ल्यूडी के करोड़ों डूबे

हिमाचल प्रदेश में बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। राज्य में बारिश से कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा चपत लोक निर्माण विभाग को लगी है। शिमला व मंडी में सबसे ज्यादा नुकसान का आकलन लगाया गया है। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत मंडी जोन में अब तक बारिश से अब तक 844.93 लाख का नुकसान हो चुका है।

इस जोन के मंडी सर्किल में 673.67 लाख, जोगिंद्रनगर में 111.36 और कुल्लू सर्किल में 90 लाख के नुकसान का आकलन लगाया गया है। शिमला जोन में 1557.90 लाख का नुकसान हुआ है। शिमला जोन के सोलन सर्किल में 125.91, शिमला में 1170.64, रामपुर में 61.50, नाहन में 114.00 और रोहडू सर्किल में 85.85 लाख का नुकसान हुआ है। हमीरपुर जोन में 228.71 लाख और कांगड़ा जोन में 525.75 लाख और नेशनल हाईवे को 281.31 लाख का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *