• April 20, 2024 12:33 pm

हिमाचल: दाम गिरने से हिमाचल में अरबों के सेब कारोबार पर संकट बढ़ा

ByPrompt Times

Aug 26, 2021
हिमाचल: दाम गिरने से हिमाचल में अरबों के सेब कारोबार पर संकट बढ़ा
  • सेब बागवानों ने निजी कंपनियों के बहिष्कार के लिए सोशल मीडिया पर अभियान भी शुरू कर दिया है। सेब के रेट गिरने के बाद बागवानों ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में भी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। 

26 अगस्त 2021 | हिमाचल प्रदेश में सेब के दामों में भारी गिरावट से अरबों के कारोबार पर संकट पैदा हो गया है। बीते 15 दिनों के भीतर सेब के दाम 1000 से 1200 रुपये प्रति पेटी (25 से 30 किलो) तक गिर चुके हैं। मंडियों में रेट गिरने पर बागवान निजी कंपनियों से अच्छे रेट की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन सेब खरीद करने वाली अडानी की कंपनी ने इस साल 10 साल पुराने रेट खोले हैं। 2011 में अडानी ने 65 रुपये प्रति किलो रेट पर सेब खरीद की थी। इस साल भी कंपनी करीब इसी रेट पर सेब खरीद शुरू करने जा रही है। इस साल प्रदेश में करीब साढ़े चार करोड़ पेटी सेब उत्पादन का अनुमान है। करीब 3 करोड़ पेटी सेब अभी मंडियों में जाना बाकी है। सरकार की ओर से भी कोई राहत न मिलने से बागवान निराश हैं।ओलावृष्टि और बेमौसम बर्फबारी के कारण इस साल फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।

सेब पर ओलों के दाग भी हैं, साइज भी अच्छा नहीं बन पाया। हालांकि विपरीत परिस्थितियों में भी कई बागवान गुणवत्तापूर्ण सेब उगा रहे हैं। बढ़िया गुणवत्ता वाला सेब इन दिनों मंडियों में प्रति पेटी औसतन 1500 रुपये तक बिक रहा है और अधिकतम 1800 रुपये से ऊपर बोली नहीं जा रही है। इसी सेब की कुछ अरसा पहले 3000 रुपये से भी ऊपर की बोली लग रही थी। कम गुणवत्ता वाले सेब को औसतन 500 से 800 रुपये रेट मिल रहे हैं। मार्केट में रेट गिरने और निजी कंपनियों के शोषण से आहत बागवान सेब के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने की मांग उठा रहे हैं। सेब बागवानों ने निजी कंपनियों के बहिष्कार के लिए सोशल मीडिया पर अभियान भी शुरू कर दिया है। सेब के रेट गिरने के बाद बागवानों ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में भी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। बागवानों का कहना है कि सरकार ने निजी कंपनियों को करोड़ों रुपये अनुदान दिया है। बावजूद इसके कंपनियां बागवानों को राहत देने के स्थान पर शोषण करने पर उतारू हैं।

दाम गिरने से चिंतित सीएम बागवानों से बोले, अभी मार्केट में कम भेजें सेब
 हिमाचल प्रदेश में सेब के दामों में प्रति पेटी 1000 रुपये से ज्यादा की गिरावट से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चिंता में हैं। उन्होंने इस परिस्थिति में बागवानों से कहा कि जब तक दाम नहीं बढ़ते हैं, तब तक अपनी फसल मार्केट में कम लेकर जाएं। बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सीएम ने कहा कि सरकार सारी परिस्थिति पर नजर रखे हुए है। सेब के दाम में एकाएक बड़ी गिरावट आई है। इससे बागवान चिंतित हैं। 

सीएम बोले, अभी एक ही बात उन्होंने बागवानों से कही है कि वे मार्केट में सेब भेजने की प्रक्रिया को थोड़ा स्लो डाउन कर लें। यानी मार्केट में कम फसल भेजें। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में मार्केट में सुधार होगा। सीएम ने कहा कि भंडारण क्षमता वालों से भी आग्रह किया जाएगा कि वे ठीक दाम पर सेब खरीदें, जिससे बागवानों को नुकसान न हो। न्यूनतम समर्थन मूल्य तय से ज्यादा बढ़ाने की मांग आ रही है। उस पर विचार तो कर रहे हैं, लेकिन उसमेें गुंजाइश कम है। इसका कारण यह है कि प्रदेश की आर्थिकी ज्यादा अच्छी नहीं है। 

Source;-“अमर उजाला”  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *