04 जनवरी 2023 | सर्दियों में मूंगफली का सेवन लोग खूब करते हैं. कभी धूप में छत पर बैठकर, तो कभी ऑफिस में ब्रेक टाइम पर लोग मूंगफली खाने का मजा लेते हैं. ऐसे ही बैठ-बैठे लोग ना जाने कितनी मूंगफली खा बैठते हैं. मूंगफली का सेवन काफी फायदेमंद है, लेकिन हद से ज्यादा इसका सेवन करना आपकी सेहत को गंभीर रूप से नुकसान भी पहुंचा सकता है. पीनट्स यानी मूंगफली में प्रोटीन के साथ ही कई अन्य न्यूट्रिएंट्स होते हैं, लेकिन इसे अधिक खाना सेहत पर निगेटिव असर करता है. इसके सेवन से हाई कैलोरी, फैट कंटेंट की मात्रा शरीर में जाती है, जिससे वजन बढ़ सकता है. आइए जानते हैं अधिक मूंगफली खाने के नुकसान.
मूंगफली खाने के नुकसान
मूंगफली वजन बढ़ाए
यदि आप मूंगफली का सेवन बहुत अधिक करते हैं तो आपका वजन बढ़ सकता है. चूंकि, इसमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है, जो वजन कंट्रोल करने की बजाय बढ़ा सकती है. एक आउंस रोस्टेड मूंगफली (लगभग मुट्ठी भर मूंगफली) में 170 कैलोरी होती है. यदि आप लगातार अधिक मूंगफली खाते हैं तो वजन बढ़ सकता है.
हो सकती है एलर्जी
मूंगफली खाने से आपको एलर्जी हो सकती है. शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मूंगफली में मौजूद प्रोटीन को हानिकारक समझ लेता है, जिससे एलर्जी के लक्षण ट्रिगर हो जाते हैं. मूंगफली खाने के बाद जिन लोगों को एलर्जी होती है, उनमें नाक बहना, स्किन रिएक्शन जैसे खुजली, रेडनेस, सूजन, हाइव्स, पाचन संबंधित समस्या जैसे डायरिया, उल्टी, जी मिचलाना, गले में झुनझुनी जैसा महसूस होना, गले में समस्या, सांस लेने में तकलीफ या घरघराहट होना आदि देखे जा सकते हैं.
हो सकती है एनाफिलेक्सिस की समस्या
गंभीर रूप से एलर्जी होने पर आपको एनाफिलेक्सिस की समस्या हो सकती है. इसमें आपको तुरंत हॉस्पिटल जाने की भी जरूरत पड़ सकती है. एनाफिलेक्सिस के लक्षणों में ब्लड प्रेशर गंभीर रूप से कम होना, वायुमार्ग या गले का कसना, तेज नाड़ी, चक्कर आना, बेहोशी आदि शामिल हैं.
