• March 29, 2024 11:58 am

पानीपत में महिलाओं ने चुराए 80 हजार के कपड़े-जूते: 4 महिलाएं और एक किशोर CCTV में कैद, गार्ड के जाने के 10 मिनट बाद बल्ली से गोदाम का शटर उठाकर अंजाम दी वारदात

ByPrompt Times

Jul 29, 2021
Share More

29-जुलाई-2021 | पानीपत महिला चोरों का गैंग सक्रिय है। चार महिलाओं और एक किशोर ने बल्ली से शटर उठाकर गोदाम में घुसे। गोदाम में रखे कपड़े और जूते चोरी कर लिये। जिनकी कीमत 80 हजार रुपए है। चोरों ने गार्ड के जाने के 10 मिनट बाद ही वारदात को अंजाम दे दिया। चारों महिला और एक किशोर CCTV कैमरे में कैद हुए हैं। पीड़ित ने सिटी पुलिस थाने में केस दर्ज किया है। इससे पहले बरसत रोड पर भी एक मोटर रिपेयरिंग की दुकान से लाखों रुपए का कॉपर चोरी हुआ था। यहां भी CCTV संदिग्ध महिलाएं कैद हुई थीं।

शहर निवासी इरफान सैफी ने बताया कि उनकी इंसार बाजार में फ्रेंड्स नाम से कपड़ों और जूतों की दुकान है। दुकान में काम चलने के कारण उन्होंने अपना कुछ सामान सामने स्थित गोदाम में रख दिया। दुकान का काम पूरा होने पर उन्होंने गोदाम चैक किया तो उसमें से सभी कपड़े और जूते गायब मिले।

इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चैक की। उसमें चार महिलाएं और एक किशोर पहले गोदाम की तरफ जाते और फिर बोरों में सामान ले जाते हुए दिखाई दिए। गोदाम के दूसरी तरफ लगे शटर को देखा तो वह खुला हुआ था। पास ही एक एक लकड़ी की बल्ली पड़ी मिली। जिससे शटर को उठाया गया था।

गार्ड के जाने के 10 मिनट बाद की वारदात
इरफान सैफी ने बताया कि सभी ने मिलकर मार्केट में रात के समय गार्ड रखा हुआ है। गार्ड सुबह 5 बजे ड्यूटी के बाद चला जाता है। आरोपी महिलाओं ने 10 मिनट बाद ही वारदात को अंजाम दे दिया। जबकि मार्केट सुबह 9 बजे के बाद खुलता है।

बरसत रोड पर भी महिलाओं ने की थी चोरी
करीब 15 दिन पहले बरसत रोड स्थित एक मोटर रिपेयर की दुकान का शटर उठाकर लाखों रुपए का कॉपर चोरी किया गया था। यहां भी पास लगे CCTV कैमरे में संदिग्ध महिलाएं कैद हुई थी। पुलिस इन महिलाओं की तलाश कर रही है।

Source;-“दैनिक भास्कर”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *