• June 9, 2026 10:28 pm

पौन घंटे की वर्षा में सड़कें लबालब, दोनों अंडरब्रिजों में भरा पानी, यातायात जाम

Share More

28 सितंबर 2022 | मंगलवार सुबह मौसम बदलने के बाद हुई पौन घंटे की तेज वर्षा के बाद भिलाई निगम क्षेत्र की सड़कें पानी से लबालब हो गया। बारिश का पानी भरने की वजह से फोरलेन पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात जाम रहा।

भिलाई के दोनों अंडरब्रिज में भी पानी भर गया। बारिश के दौरान चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज पर मिट्टी का कटाव रोकने बनाई गई दीवाल भी गिर गई। बारिश थमने के करीब दो से तीन घंटे बाद आवागमन की स्थिति सामान्य हो पाई।

मंगलवार सुबह दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। लेकिन 11.30 बजे के आसपास मौसम अचानक बदल गया। मौसम बदलने के बाद गरज-चमक के साथ तेज वर्षा शुरू हो गई। दुर्ग-भिलाई सहित जिले के कुछ क्षेत्रों में वर्षा होना बताया जा रहा है।

बारिश के बाद भिलाई निगम क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। फोरलेन पर संजय नगर तालाब से चंद्रा मौर्या टाकीज तक सर्विस लेन पर पानी भर गया। पानी भरने की वजह से इस मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात जाम रहा। सुपेला घड़ी चौक से राजेंद्र प्रसा चौक(गदा चौक) के दोनों ओर सड़क पर एक से डेढ़ फीट पानी भरा रहा।

लक्ष्मी नगर मार्केट में भी घुटने तक पानी भर गया। बारिश थमने के बाद भिलाई क्षेत्र में आवागमन की स्थिति करीब दो घंटे में सामान्य हो पाई। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में करीब 3.8 मिमी बारिश हुई है।

मोटर पंप से खींचकर निकाला गया पानी

पानी भरने की वजह से चंद्रा-मौर्या और सुपेला अंडरब्रिज पर करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यहां बेरीकेडस लगा दिया था। मोटर पंप लगाकर दोनों अंडरब्रिज से पानी को खींचकर निकाला गया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। भिलाई निगम के पटरीपार क्षेत्र के कई स्थानों पर भी पानी भर गया था। भिलाई निगम अमला द्वारा नालियों की सफाई कर निकासी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया गया।

धान की फसलों में लगा रोग

जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और आसमान पर बादल छाए रहने की वजह से धान की फसलों में रोग लग गया है। बोड़ेगांव के किसान रविप्रकाश ताम्रकार ने बताया कि ननकट्ठी, बोरई, नगपुरा, खिलौराकला, तुमाखुर्द सहित आसपास के कई गांव के किसान धान फसल में लगी ब्लाइट व ब्लास्ट के रोग से परेशान हैं।

रोग लगने की वजह से फसल का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। रोग से बचाव के लिए किसान दवा का छिड़काव कर रहे हैं। वहीं मंगलवार को हुई बारिश के बाद फसलों को लेकर किसानों की चिंता और बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग ने बुधवार को भी आसमान पर बादल छाने के साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की चेतावनी दी है।

Source:-“ नई दुनिया”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *