• March 29, 2024 3:06 pm

छठे दिन भारत ने जीते पांच पदक, तूलिका के नाम रजत, तेजस्विन-सौरव ने जीता ऐतिहासिक कांस्य

ByADMIN

Aug 4, 2022
Share More

4 अगस्त 2022 ommonwealth Games 2022 Day 6: राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अब तक भारत ने कुल 18 पदक जीते हैं, जिसमें पांच स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है।

भारत के पदक विजेता
5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम
6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान
7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर

 बॉक्सर आशीष कुमार क्वार्टर फाइनल में हारे

बॉक्सिंग में भारत के पदक की उम्मीदों को झटका लगा। 75 से 80 किलोग्राम भारवर्ग (लाइट हेवीवेट) में आशीष कुमार को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें एरॉन बोवेन ने 4-1 से हरा दिया। इस तरह आशीष क्वार्टर फाइनल से ही बाहर हो गए।

भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के लिए पहला पदक जीता है। पुरुषों के हाई जंप में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। तेजस्विन शंकर तीन दिन पहले ही बर्मिंघम पहुंचे थे।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुरुआत में यूएसए में प्रैक्टिस कर रहे तेजस्विन शंकर को भारतीय टीम से बाहर कर दिया था, क्योंकि उन्होंने भारत की राष्ट्रीय अंतरराज्यीय मीट में भाग नहीं लिया था। इसके बाद उन्होंने इस फैसले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

हालांकि, आखिर में तेजस्विन शंकर को राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए भारतीय स्क्वॉड में घायल रिले धावक अरोकिया राजीव के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था। अब तेजस्विन ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया को दिखा दिया है कि उन पर भरोसा करना व्यर्थ नहीं गया।

तेजस्विन 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में छठे स्थान पर रहे थे। हालांकि, बीते चार वर्षों में उन्होंने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। तेजस्विन ने इस पदक को जीतने के लिए अपनी जी जान लगा दी। आखिर में तेजस्विन ने स्वर्ण पर भी निशाना साधना चाहा। उन्होंने 2.28 मीटर जंप लगाने की कोशिश की और न्यूजीलैंड के हामिश केर को पीछे छोड़ना चाहा, लेकिन विफल रहे।

तेजस्विन के नाम हाई जंप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में मेन्स हाई जंप में न्यूजीलैंड के हामिश केर ने 2.25 मीटर के जंप के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के ब्रैंडन स्टार्क ने रजत पदक जीता। ब्रैंडन स्टार्क ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मिचेल स्टार्क के भाई हैं।

भारत की बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन 66 से 70 किलोग्राम भारवर्ग (लाइट मिडल वेट) के क्वार्टर फाइनल में हारकर राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हो गई हैं। उन्हें वेल्स की रोजी एकल्स ने 3-2 से हरा दिया। इस तरह लवलीना का सफर समाप्त हो गया। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य जीतने वाली लवलीना 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी कोई पदक नहीं जीत पाई थीं। वहीं, बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत से पहले लवलीना ने प्रैक्टिस नहीं कर पाने का आरोप लगाया था। जिसपर खूब बवाल भी हुआ था। यह विवाद कोच को लेकर हुआ था। लवलीना ने आरोप लगाए थे कि उनकी कोच को खेल गांव में नहीं घुसने दिया जा रहा।

भारतीय वेटलिफ्टर गुरदीप सिंह ने 109+ किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने स्नैच राउंड में तीन प्रयासों में 167 किलो का अपना सर्वश्रेष्ठ वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में 223 किलो का वजन उठाया। इस तरह कुल 390 किलो वजन उठाने के साथ गुरदीप ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

पाकिस्तान के मुहम्मद नूह दस्तगीर बट ने कुल 405 किलो वजन उठाने के साथ ही स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू ने कुल 394 किलो वजन उठाने के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

यह भारत का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में वेटलिफ्टिंग में 10वां पदक है। 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने रिकॉर्ड नौ पदक जीते थे। तब टीम इंडिया वेटलिफ्टिंग में बेस्ट टीम रही थी। इस तरह भारत ने वेटलिफ्टिंग में पिछले (2018) राष्ट्रमंडल खेलों को पीछे छोड़ दिया है।

विश्व चैंपियन बॉक्सर निकहत जरीन ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपना और भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया है। वह 48-50 किग्रा (लाइट फ्लाई) वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। निकहत ने वेल्स की हेलेन जोन्स को हराया। उन्होंने यह मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया।

जूडो में +78 किलोग्राम भारवर्ग में भारत की तूलिका मान स्वर्ण पदक से चूक गई हैं। उन्हें फाइनल में स्कॉटलैंड की सारा एडलिंग्टन ने इपपोन से हरा दिया है। इस तरह तूलिका को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

जूडो में तीन तरह से स्कोरिंग होती है। इसे इपपोन, वजा-आरी और यूको कहते हैं। इपपोन तब होता है, जब खिलाड़ी सामने वाले खिलाड़ी को थ्रो करता है और उसे उठने नहीं देता। इपपोन होने पर एक फुल पॉइंट दिया जाता है और खिलाड़ी जीत जाता है। सारा ने सेमीफाइनल में इसी तरह से जीत हासिल की।

इससे पहले तूलिका ने भी वजा-आरी से पॉइंट हासिल कर लिया था। अगर थ्रो कम ताकत से किया गया, तो उसे वजा-आरी कहते हैं। इसमें आधा पॉइंट दिया जाता है। किसी खिलाड़ी के दो बार वजा-आरी करने पर एक फुल पॉइंट मिलता है और वह खिलाड़ी विजेता बनता है। हालांकि, तूलिका जब तक दूसरी बार वजा-आरी या इपपोन की कोशिश करतीं, उससे पहले सारा ने इपपोन करके मैच जीत लिया।

हार के बाद तूलिका काफी निराश दिखीं। यह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का जूडो में दूसरा रजत और कुल तीसरा पदक है। इससे पहले सुशीला देवी ने रजत और विजय यादव ने कांस्य जीता था। वहीं, कुल मिलाकर बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का यह 16वां पदक है।

सौरव घोषाल ने 1-0 की बढ़त बनाई

स्क्वैश में भारत के दिग्गज खिलाड़ी सौरव घोषाल कांस्य पदक के मैच में इंग्लैंड के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जेम्स विल्सट्रोप से भिड़ रहे हैं। पहला गेम सौरव ने 11-6 से अपने नाम किया और मैच में 1-0 की बढ़त बना ली है।

10:04 PM, 03-AUG-2022

स्क्वैश में सौरव घोषाल की नजर कांस्य पदक पर

स्क्वैश में भारत के दिग्गज खिलाड़ी सौरव घोषाल कांस्य पदक के मैच में इंग्लैंड के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जेम्स विल्सट्रोप से भिड़ रहे हैं। सौरव भारत के लिए कांस्य पदक जीतना चाहेंगे।

08:48 PM, 03-AUG-2022

वेटलिफ्टिंग में पूर्णिमा पांडेय छठे स्थान पर रहीं

वेटलिफ्टिंग में महिलाओं के 87+ किलोग्राम भारवर्ग में भारत की पूर्णिमा पांडे छठे स्थान पर रहीं। उन्होंने स्नैच राउंड में 103 किलो का वजन उठाया। वहीं, क्लीन एंड जर्क में पूर्णिमा ने पहले प्रयास में 125 किलो का वजन उठाया। दूसरे प्रयास में 133 किलो वजन के लिए गईं, लेकिन नहीं उठा सकीं। तीसरे प्रयास में उन्होंने कोशिश की, लेकिन विफल रहीं। ऐसे में कुल 228 वजन उठाने के साथ पूर्णिमा छठे स्थान पर रहीं। इंग्लैंड की एमिली कैंपबेल ने 286 किलो का वजन उठाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, समोआ की फीगैगा स्टोवर्स कुल 268 किलो वजन उठाने के साथ रजत पदक अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया की कैरिस्मा अमोए ने कांस्य पदक हासिल किया।

08:02 PM, 03-AUG-2022

भारत ने कनाडा को 8-0 से हराया

पुरुष हॉकी में भारतीय टीम ने कनाडा को 8-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-बी में पहले स्थान पर पहुंच गई है। उसके तीन मैचों में सात अंक हैं। भारत ने कनाडा से पहले घाना को हराया था। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ मैच बराबरी पर छूटा था।

07:58 PM, 03-AUG-2022

वेटलिफ्टिंग में पूर्णिमा पांडेय ने स्नैच में 103 किग्रा भार उठाया

वेटलिफ्टिंग के 87+ किग्रा भारवर्ग में भारत की पूर्णिमा पांडेय अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। उन्होंने स्नैच राउंड में 103 किलो भार उठाया है। पूर्णिमा ने पहले प्रयास में 103 किलो उठाने का फैसला किया था, लेकिन वह नाकाम रहीं। दूसरे प्रयास में पूर्णिमा ने 103 किग्रा भार उठा लिया। तीसरे प्रयास में वह 108 किलो भार उठाकर अपने प्रदर्शन को सुधारना चाहती थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह फेल हो गईं। स्नैच राउंड के बाद वह पाचवें स्थान पर रहीं।

07:14 PM, 03-AUG-2022

भारत ने कनाडा पर 4-0 की बढ़त बनाई

मनप्रीत सिंह की अगुआई में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला कनाडा से जारी है। हाफ-टाइम तक भारत ने कनाडा पर 4-0 की बढ़त बना ली है। भारत के लिए चार अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे हैं। टीम इंडिया ने पहले दो गोल पहले क्वार्टर में और बाद के दो गोल दूसरे क्वार्टर में दागे। हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, ललित उपाध्याय और गुरजंत सिंह भारत के लिए स्कोर कर चुके हैं।

Source;-“अमर उजाला”  


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *