• April 25, 2024 10:15 am

ISI-अंडरवर्ल्ड का टेरर मॉड्यूल-मुंबई से एक और संदिग्ध पकड़ा गया, प्रयागराज में एक वॉन्टेड का सरेंडर- एक अन्य संदिग्ध ने खुद को पुलिस को सौंपने का दावा किया

ByPrompt Times

Sep 18, 2021

18-सितम्बर-2021 | दिल्ली में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से जुड़े एक और व्यक्ति को देर रात महाराष्ट्र ATS ने मुंबई के नागपाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया है। उसका नाम जाकिर है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। दिल्ली की स्पेशल सेल की टीम उसे कस्टडी लेने की कोशिश करेगी। ISI-अंडरवर्ल्ड के टेरर मॉड्यूल में वॉन्टेड चल रहे हुमैद उर्रहमान ने प्रयागराज के करेली पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया है। हुमैद दिल्ली में गिरफ्तार ओसामा का चाचा है। जांच में सामने आया है कि ओसामा का पिता दुबई में ISI के हैंडलर के रूप में काम करता था। वह दुबई में बैठे अपने भाई के इशारे पर भारत में मिशन को हैंडल कर रहा था। लखनऊ में गिरफ्तार आतंकी आमिर बेग की बहन का ससुर भी है हुमैद उर्रहमान। फिलहाल करेली थाने में हुमैद उर्रहमान से पूछताछ जारी है।

एक और वॉन्टेड ने सरेंडर करने का दावा किया
इस बीच प्रयागराज के रहने वाले शाहरुख ने भी एक वीडियो जारी कर खुद को सरेंडर करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। पोलेट्री फार्म चलाने वाले शाहरुख ने खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया है कि वह शुक्रवार को करेली पुलिस स्टेशन गया था और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। शाहरुख वही व्यक्ति है, जिसके पोल्ट्री फॉर्म से ATS और दिल्ली पुलिस ने IED बरामद की थी। दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े जीशान की निशानदेही पर यह बरामदगी हुई थी।

शाहरुख ने आतंकी से पहचान होने की बात कबूली
शाहरुख प्रयागराज के मुट्ठीगंज इलाके का रहने वाला है। वह एक न्यूज चैनल में भी काम करने का दावा करता है। शाहरुख ने अपने इस वीडियो में प्रयागराज के करेली इलाके से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी जीशान कमर से करीबी रिश्ते होने की भी बात कबूली है। साथ ही एक अन्य संदिग्ध ताहिर अल मदनी से भी दोस्ती की बात कबूली है। शाहरुख प्रयागराज के संदिग्ध मदरसा संचालक का भी रिश्तेदार है। दिल्ली से गिरफ्तार आतंकी ओसामा और लखनऊ से पकड़ा गया आमिर बेग भी शाहरुख के रिश्तेदार हैं। शाहरुख ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें वह पुलिस स्टेशन के अंदर जाता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि, शुक्रवार बाद से शाहरुख गायब है। परिवार का कहना है कि वह पुलिस की कस्टडी में है,लेकिन पुलिस ने अभी तक उसकी गिरफ्तारी या सरेंडर करने की पुष्टि नहीं की है।

जाकिर को सौंपा गया था हथियार जमा करवाने का जिम्मा
मुंबई से गिरफ्तार जाकिर जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है। जांच में यह भी सामने आया है कि जाकिर का दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 6 आतंकियों से संबंध था। जाकिर से पहले दिल्ली पुलिस ने मुंबई के रहने वाले जान मोहम्मद नाम के एक संदिग्ध आतंकी को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। जाकिर से महाराष्ट्र ATS के मुंबई स्थित ऑफिस में पूछताछ जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, जान मोहम्मद ने जाकिर को हथियार और विस्फोटक मुंबई लाने के लिए कहा था।

जान मोहम्मद 20 साल से डी गैंग के संपर्क में था
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार जान मोहम्मद मुंबई के धारावी इलाके का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाला जान 20 साल से डी कंपनी के संपर्क में था। जान मोहम्मद शेख कर्ज में था और उसे पैसे की जरूरत थी। ATS ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा कि उसने कर्ज लिया था और टैक्सी ली थी लेकिन कर्ज नहीं चुका सका और डी-गैंग से दोबारा संपर्क किया।

आतंकी मुंबई में कर रहे थे धमाके की बड़ी प्लानिंग
दिल्ली स्पेशल सेल के सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार 6 संदिग्ध आतंकी गणेशोत्सव के दौरान मुंबई समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में धमाकों की प्लानिंग कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से पहले ही मुंबई रेलवे पुलिस, यानी GRP को संभावित आतंकी हमले का अलर्ट मिला था। सेंट्रल जांच एजेंसी ने आगाह किया था कि आतंकी ट्रेन में गैस अटैक या फिर प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ को गाड़ी से रौंद सकते हैं। दिल्ली पुलिस की करवाई के बाद GRP ने मुंबई के सभी बड़े रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी है और कुछ एंट्री और एग्जिट के रास्ते भी बंद कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *