25 मई 2022 | कांग्रेस के दिग्गज नेता और यूपीए सरकार में कानून मंत्री रहे कपिल सिब्बल अब समाजवादी पार्टी के टिकट से राज्यसभा जाएंगे। कपिल सिब्बल ने यह खुलासा भी किया कि उन्होंने 16 मई को ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कपिल सिब्बल ने बुधवार को लखनऊ में सपा के टिकट से राज्यसभा का नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर अखिलेश यादव भी उनके साथ रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद सिब्बल ने कहा कि वे भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष खड़ा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'स्वतंत्र आवाज होना जरूरी है। विपक्ष में रहकर हम गठबंधन बनाना चाहते हैं ताकि हम मोदी सरकार का विरोध कर सकें।'
खबर है कि अखिलेश यादव की पार्टी ने सिब्बल के अलावा डिंपल यादव और जावेद अली खान के नाम फाइनल किए है। जावेद अली खान सपा के खाते से पहले भी राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। राज्यसभा की 11 सीट के लिए 24 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी अभी तीन लोगों को राज्यसभा भेजने की स्थिति में है।
अखिलेश यादव का बयान
‘समाजवादी पार्टी की तरफ़ से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल को राज्यसभा की सदस्यता के लिए नामंकन किया गया। वे समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा जा रहे हैं। पहला नामंकन हुआ है। राज्यसभा के लिए दो अन्य लोगों के नाम बहुत ज़ल्द घोषित हो जाएंगे।’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देखेंगे अक्षय कुमार की फिल्म ‘पृथ्वीराज’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक जून को बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘पृथ्वीराज’ को देखेंगे। इस आशय की जानकारी फिल्म के निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने दी। फिल्म में देश के महान योद्धा पृथ्वीराज चौहान के जीवन को दर्शाया गया है। चंद्र प्रकाश ने कहा कि यह हम सभी के लिए सम्मान की बात है कि गृह मंत्री भारत माता के वीर सपूत पृथ्वीराज चौहान पर बनी फिल्म को देखेंगे। इस फिल्म को कोरोना महामारी के चलते रिलीज नहीं किया गया था। यह फिल्म हिंदी सहित कई भाषाओं में तीन जून को रिलीज होगी। गृह मंत्री इस फिल्म को रिलीज होने से दो दिन पहले देखेंगे।
वीजा घोटाले में आज सीबीआई के समक्ष पेश हो सकते हैं कार्ति
263 चीनी नागरिकों को फर्जी तरीके से वीजा देने के कथित घोटाले में घिरे कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम बुधवार को सीबीआई के सामने पेश हो सकते हैं। मामला वर्ष 2011 का है जब उनके पिता पी चिदंबरम केंद्रीय गृहमंत्री थे।
सुप्रीम कोर्ट और सीबीआई की विशेष अदालत की अनुमति से ब्रिटेन और यूरोप की यात्रा पर गए कार्ति को मंगलवार को लौटना था। सीबीआई की विशेष अदालत के आदेश के मुताबिक, कार्ति को लौटने के 16 घंटे के भीतर सीबीआई जांच में शामिल होना है। पंजाब में एक बिजली कंपनी में काम करने वाले इन चीनी नागरिकों को गृह मंत्रालय की तरफ से वीजा जारी किया गया। आरोप है कि वीजा दिलाने के लिए चीनी नागरिकों से 50 लाख रुपये लिए गए और शेल कंपनियों के जरिए इस रकम को कार्ति तक पहुंचाया गया।
भारत की मदद से नेपाल में खोला गया स्कूल
काठमांडू : भारत सरकार की आर्थिक मदद से नेपाल में एक स्कूल खोला गया। पोखरा मेट्रोपालिटन के कास्की जिले में श्री अरवा बिजय माध्यमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। भारतीय दूतावास ने बताया कि तीन करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बना यह स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में भारत-नेपाल विकास सहयोग को दर्शाता है।
दिल्ली के लापता युवक का शव लोनावाला में खड्ड में मिला
पुणे : पुणे जिले के लोनावाला में लोकप्रिय पर्यटक स्थल से पिछले चार दिनों के लापता दिल्ली के 24 वर्षीय युवक फरहान सिराजुद्दीन का शव मंगलवार को मिल गया। तलाशी टीम ने युवक का शव एक गहरे खड्ड में पाया। यह युवक पुणे से करीब 65 किलोमीटर दूर लोनावाला में ड्यूक नोज देखने गया था और रास्ते में भटक गया था। अपने दोस्तों को फोन पर इसकी सूचना देने के बाद उसका संपर्क कट गया।
Source;-“नईदुनिया”
