• April 25, 2024 11:42 pm

मीनाक्षी लेखी का ममता पर तंज, दुर्गा पूजा पर पाबंदी लगाने वाली सरकार यूनेस्को सम्मान का ले रही श्रेय

22 सितम्बर 2022 | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने गुरुवार को कहा कि यह भयानक है कि एक राज्य सरकार जिसने दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन पर प्रतिबंध लगाया था, त्योहार को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने का श्रेय ले रही है। एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) को गुजरात के गरबा नृत्य को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल करने का प्रस्ताव भी भेजा है।

ममता ने जश्न मनाते हुए एक रैली का नेतृत्व किया था
इस महीने की शुरुआत में ममता बनर्जी ने यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में ‘कोलकाता में दुर्गा पूजा’ को शामिल करने का जश्न मनाते हुए एक रैली का नेतृत्व किया था। संस्कृति राज्य मंत्री लेखी ने ताना मारा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बहुत व्यस्त होंगी और उन्हें अपने सलाहकारों से जो सलाह मिल रही है वह संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि 2019 में यूनेस्को की सूची में दुर्गा पूजा को शामिल करने के लिए संस्कृति मंत्रालय द्वारा एक प्रस्ताव भेजा गया था जिसे दिसंबर 2021 में स्वीकार कर लिया गया था। लेखी ने कहा कि यह पूरे भारत के लिए गर्व की बात है कि दुर्गा पूजा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक सूची में शामिल किया गया और इस पर राजनीति करना गलत था।

उन्होंने कहा कि यह भयानक है कि जिस राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन पर प्रतिबंध लगा दिया था वह इस उपलब्धि का श्रेय ले रही है। उन्होंने कहा कि देश की सभी परंपराओं की एक सुर में सराहना की जानी चाहिए। दुर्गा पूजा दक्षिण और पश्चिम भारत में उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी पूर्वी भारत में है। लेखी 24 अक्टूबर को कोलकाता जाएंगी और दुर्गा पूजा उत्सव से जुड़े ढाकी, मूर्ति निर्माताओं, पंडाल निर्माताओं और अन्य लोगों सहित 30 कारीगरों और कलाकारों को सम्मानित करेंगी।

सोर्स:–” हिंदुस्तान” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *