• April 25, 2024 7:35 am

प्रवास खत्म कर अपने देश लौटे प्रवासी परिंदे

ByPrompt Times

Mar 31, 2021
प्रवास खत्म कर अपने देश लौटे प्रवासी परिंदे

विकासनगर। दिन में मौसम गर्म होने पर आसन वेटलैंड में प्रवास पर आए विदेशी 55 प्रजातियों के परिंदे प्रवास खत्म कर अपने देश लौट गए हैं, अब आसन वेटलैंड में लोकल परिंदों का राज हो गया है। विदेशी परिंदों के वापस लौटने से झील में परिंदों का कलरव घट गया है। बर्ड वाचिंग को आने वाले पक्षी प्रेमी भी नहीं आ रहे। प्रवासी परिंदों के वापस अपने देश लौटने का प्रतिकूल असर जीएमवीएन के आसन पर्यटन स्थल की आय पर भी पड़ा है।

देश के पहले कंजरवेशन रिजर्व आसन नमभूमि में इस बार देशी विदेशी 55 प्रजातियों के 4497 परिंदे प्रवास पर थे। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी व बीच बीच में होती बारिश के कारण मौसम अनुकूल होने पर परिंदे अपना प्रवास पूरा कर अपने मूल स्थान लौटे हैं, जबकि रात दिन के तापमान में भारी अंतर की वजह से पिछले साल अधिकांश विदेशी प्रजातियों के परिंदे समय से पहले लौट गए थे।

मौसम की अनुकूलता के चलते मध्य मार्च तक विदेशी 55 प्रजातियों रुडी शेलडक यानि सुर्खाब, कामन पोचार्ड, यूरेशियन कूट, गैडवाल, बार हेडेड गीज, इंडियन स्पाट बिल्ड डक, यूरेशियन विजन, रेड क्रेस्टेड पोचार्ड, टफ्ड डक, लिटिल ग्रेब, ग्रेट क्रेस्टेड, यूरेशियन मोरहेन, पेंटेड स्टार्क, ग्रे हेरोन, पर्पल हेरोन, ग्रेट इग्रेट, लिटिल इग्रेट, ग्रेट नेप्ट आइबीज, स्टार्क बिल्ड किंगफिशर आदि परिंदों ने अपने देश के लिए ऊंची उड़ान भरी। अप्रैल के पहले सप्ताह तक बचे हुए 20-30 प्रवासी परिंदे भी अपने मूल स्थान वापस लौट जाएंगे।

चकराता वन प्रभाग की आसन रेंज के रेंजर जवाहर सिंह तोमर व वन दारोगा प्रदीप सक्सेना के अनुसार आसन नमभूमि में विदेशी परिंदों का प्रवास अक्टूबर से अप्रैल प्रथम सप्ताह तक ही रहता है।

आसन वेटलैंड में कब कितने परिंदे आए

  • वर्ष 2015 में 48 प्रजातियों के 5796 परिंदे।
  • वर्ष 2016 में 84 प्रजातियों के 5635 परिंदे।
  • वर्ष 2017 में 60 प्रजातियों के 4569 परिंदे।
  • वर्ष 2018 में 61 प्रजातियों के 6008 परिंदे।
  • वर्ष 2019 में 69 प्रजातियों के 6170 परिंदे।
  • वर्ष 2020 में 50 प्रजातियों के 4466 परिंदे।
  • वर्ष 2021 में 55 प्रजातियों के 4497 परिंदे।

-उत्तराखंड में वन विश्राम गृहों में ठहरना होगा महंगा, वन विभाग के प्रस्ताव पर शासन कर रहा मंथन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *