• June 10, 2026 1:27 am

झारखंड में फिर जोर पकड़ेगा मानसून! कई हिस्सों में कल से बारिश के आसार

Share More

19  सितंबर 2022 | झारखंड के कई हिस्सों में एक बार फिर मंगलवार से मानसून के जोर पकड़ने के आसार हैं। दक्षिण और बंगाल-ओडिशा से सटे इलाकों में कहीं-कहीं जोरदार बारिश हो सकती है। दो दिनों तक बारिश होगी। 22 से इसकी रफ्तार धीमी हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में इस माह दूसरी बार निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। यदि सभी स्थितियां अनुकूल रही तो इसके बनने की प्रक्रिया 20 अगस्त तक पूरी होने की संभावना है।

मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार इसके व्यापक होने की संभावना है। प्रक्रिया पूरी होने पर इसके पश्चिम और उत्तर दिशा में बढ़ने का अनुमान है। मौसम केंद्र के मुताबिक मानसून टर्फ भी झारखंड से होकर गुजर रहा है। यह इस समय गंगानगर, नारनौल, आगरा, वाराणसी, रांची, दीघा होकर मध्य पूर्व खाड़ी के साइक्लोनिक सर्कुलेशन तक बना हुआ है। रांची से इसके गुजरने के कारण राजधानी समेत आसपास के जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

इस माह हुई औसत से अधिक बारिश खेती के दौरान मानसून के दगा देने के बाद राज्य में मानसून ज्यादा सक्रिय है। इस कारण अगस्त के बाद सितंबर में भी अच्छी बारिश हो रही है। इस माह औसत से अधिक बारिश हो चुकी है। एक सितंबर से 18 सितंबर तक राज्य में औसतन 136.4 मिमी बारिश होती है।

इस माह इस अवधि में 18 दिनों के दौरान 152.3 मिमी बारिश हुई है। आने वाले दिनों में इसमें वृद्धि की उम्मीद है। बारिश में कमी अब मात्र 21 फीसदी रह गई है। राज्य में एक जून से लेकर अब तक 743.0 मिमी बारिश हुई है। जबकि इस दौरान 944.5 मिमी बारिश होती है।

रांची मौसम विभाग के अभिषेक आनंद ने कहा, ‘मंगलवार से राज्य में मानसून जोर पकड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में फिर से एक नया निम्न दबाव बना है। इसके व्यापक होने का अनुमान है। स्थितियां अनुकूल रहने पर इसका दो दिन व्यापक असर दिख सकता है। 20 को कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं।’

Source:-“हिंदुस्तान”  

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *