• April 24, 2024 8:03 am

सांसद रवि किशन और मंत्री जितिन प्रसाद ने एक साथ चलाया चप्पू, जल्द लग्जरी क्रूज भी चलेगा

14जुलाई 2022 गोरखपुर के रामगढ़ताल में लोग अब कयाकिंग बोटिंग का लुत्फ ले सकेंगे। गुरुवार सुबह PWD मंत्री जितिन प्रसाद और सांसद रवि किशन ने इसकी शुरुआत की। उनके साथ एडीजी जोन अखिल कुमार भी थे। सभी ने झील में टू सीटर बोटिंग यानी कयाकिंग भी की। जितिन प्रसाद और रवि किशन एक बोट पर थे। दोनों ने मिलकर चप्पू चलाया।

आमजन के लिए झील एक पर्यटन स्थल बन चुकी है। कयाकिंग के लिए प्रति व्यक्ति को 100 रुपए होगा। यानी 2 सीटर बोट के लिए 200 रुपए लगेंगे।

जीडीए ने खरीदे 5 कयाक
गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने कयाकिंग के लिए पांच बोट खरीदे हैं। प्राधिकरण ने इसका परीक्षण भी पूरा कर लिया है। एक बोट की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। एक कयाक पर एक साथ दो लोग बैठ सकेंगे। इसके साथ सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी होंगे।

इस बोट को खुद चलाया जा सकता है। कयाकिंग के लिए यहां छोटी-मोटी प्रतियोगिताएं भी होंगी। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि “पहली बार रामगढ़ताल में कयाक चलाई जा रही है। इससे ताल की खूबसूरती और बढ़ेगी और पर्यटकों का रोमांच भी बढ़ेगा।”

दीवाली के बाद शुरू होगा लग्जरी क्रूज
गोरखपुर के लोग दीवाली के बाद रामगढ़ताल में लग्जरी क्रूज का भी आनंद ले पाएंगे। इसके लिए जीडीए ने कोलकाता की फर्म को संचालन की जिम्मेदारी दी है। जीडीए की नीलामी में चार फर्में शामिल हुईं थी। इनमें 7.41 लाख रुपए की सर्वाधिक बोली लगाने वाले राजकुमार राय की फर्म को क्रूज चलाने का अधिकार मिला है।

लग्जरी क्रूज चलाने वाली फर्म को अभी प्रजेंटेशन देना होगा। इसके बाद वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। इसके बाद कॉन्ट्रैक्ट साइन किया जाएगा। फर्म, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पांच करोड़ या उससे ज्यादा की लागत का क्रूज संचालित करेगी। यह क्रूज विदेश से लाई जाएगी। रामगढ़ताल में ही पार्ट्स को असेंबल (पार्ट जोड़ा) किया जाएगा। इसमें करीब तीन महीने का समय लगेगा।

जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि दिवाली तक रामगढ़ताल में क्रूज का संचालन शुरू हो जाएगा। नीलामी में शामिल होने वाली तीन और फर्मों में दूसरे नंबर की डाई फूड एंड फैशन प्राइवेट लिमिटेड ने 7.32 लाख, कांटिनेंटल डेवलपर्स ने 3.90 लाख और मीरा शुक्ला ने 3.27 लाख रुपए की बोली लगाई। जीडीए ने क्रूज के संचालन के लिए न्यूनतम तीन लाख रुपए प्रति माह किराए पर बोली शुरू की थी।

source “दैनिक भास्कर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *