23 नवम्बर 2021 | रायपुर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिग में देशभर में छंठा स्थान मिलने पर महापौर एजाज ढेबर ने निगम के सफाई कामगारों, सफाई मित्रों का सम्मान करने का फैसला लिया है। 26 नवंबर को इंडोर स्टेडियम में यह सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा।महापौर का कहना है कि सफाई कामगारों की मेहनत का ही नतीजा है कि आज हम रैकिंग में छंठा स्थान हासिल कर पाए है।लिहाजा उनका सम्मान कर हौसला बढ़ाया जायेगा ताकि अगले साल की रैकिंग में नंबर वन स्थान पाने और अधिक साफ-सफाई पर ध्यान दे सके।
महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में निगम को बड़ी सफलता मिली है। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नगरीय निकाय मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया बधाई के पात्र हैं। वहीं सफाई मित्रों,कामगारों की मेहनत के कारण यह स्थान मिला है। आने वाले समय में रायपुर नगर निगम ऐसी व्यवस्था लागू करेगा कि कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो उसने गंदगी फैलाई तो नगर निगम के जुर्माने से बच नहीं सकेगा। महापौर ने कहा कि इंदौर के पास 80 स्वीपिंग मशीन है और हमारे पास केवल चार है।
कम संसाधन के बावजूद भी हम सफाई सर्वेक्षण में काफ़ी आगे रहे।उन्होंने बताया कि खुले नाली को कवर्ड करने नगर निगम की ओर से राज्य शासन के पास प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही वहां से स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। हमारा लक्ष्य सफाई सर्वेक्षण में और उपर जाना है। अगले एक साल में रायपुर नगर निगम का ध्यान पूरी तरह सफाई पर ही केंद्रित रहेगा। अभी तक गंदगी फैलाने के नाम पर सिर्फ संस्थानों पर जुर्माना ठोंका जाता था।सफाई के नाम पर अब कहीं कुछ गलत दिखा तो नागरिकों पर भी जुर्माना वसूला जाएगा।
Source :-“नई दुनिया”
