• March 29, 2024 10:44 am

छत्तीसगढ़ में CM नहीं, विधायकों से नाराजगी-IANS- सी वोटर ने भूपेश बघेल को देश में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया, केवल 6% लोग ही असंतुष्ट

ByPrompt Times

Oct 19, 2021
Share More

19-अक्टूबर-2021 | IANS-सी वोटर गवर्नेंस इंडेक्स ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को देश का सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया है। उनको अपने राज्यों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला मुख्यमंत्री बताया गया है। इस सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में लोगों की नाराजगी अपने विधायकों के प्रति अधिक है।सोमवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री हैं। वो मतदाताओं के कम से कम गुस्से का सामना कर रहे हैं। बघेल से केवल 6% लोग नाराज हैं। ये लोग बदलाव चाहते हैं। इसके विपरीत, उन्हें सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के बीच सर्वोच्च लोकप्रियता रेटिंग मिली है। छत्तीसगढ़ में लोगों का अधिक गुस्सा केंद्र सरकार और राज्य के विधायकों के प्रति है।

सर्वे में शामिल छत्तीसगढ़ के 44.7% लोग केंद्र सरकार से नाराज हैं, जबकि 36.6% उत्तरदाता ही राज्य सरकार से नाराज हैं। सी वोटर के संस्थापक यशवंत देशमुख ने कहा, “ऐसे मुख्यमंत्रियों को लोगों ने पसंद किया है जिनमें निर्णय लेने की क्षमताएं हैं और जिनके काम करने की शैली सीईओ जैसी है।

कोरोनाकाल की योजनाओं को बताया लोकप्रियता का आधार
IANS ने अपनी सर्वे रिपोर्ट में कहा है, भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनमें कोरोना से अनाथ बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना भी एक है। महतारी दुलार योजना के तहत ऐसे बच्चों की निजी स्कूल में पढ़ाई का खर्च भी छत्तीसगढ़ सरकार वहन कर रही है।

सवाल था, आप किस मुख्यमंत्री से सबसे कम नाराज हैं

इस सर्वे में एक सवाल था जिसमें पूछा गया था कि आप किस मुख्यमंत्री से सबसे कम नाराज हैं। उत्तरदाताओं में से केवल 6 % ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम दिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 10.10 % के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 10.40 % लोगों के जवाब से ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कम नाराजगी वाली रैंकिंग के तीसरे पायदान पर आए।

इन मुख्यमंत्रियों से नाराजगी बढ़ी है

सबसे कम नाराजगी वाली रैंकिंग के सबसे निचले पायदान पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव हैं। 30.30 % लोगों ने उनके प्रति नाराजगी दिखाई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28.10 % के साथ नीचे से दूसरे स्थान पर हैं। वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत 27.70 % के साथ तीसरे स्थान पर आए हैं।

ऐसे हुआ है यह सर्वेक्षण

बताया गया, सी वोटर एक दैनिक ओपिनियन ट्रैकिंग एक्सरसाइज है। यह एक कैलेंडर वर्ष में रैंडमली चुने गए एक लाख से अधिक उत्तरदाताओं की मैपिंग करता है। प्रत्येक तिमाही यह मुख्यमंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड जारी करता है। इसमें सभी 543 लोकसभा सीटों में 30 हजार से अधिक उत्तरदाताओं को कवर किया जाता है।

नीति आयोग की लैंगिक समानता रैंकिंग में भी शीर्ष पर
राज्य सरकार ने बताया, इस बीच नीति आयोग की रैंकिंग में भी छत्तीसगढ़ ने बेहतर किया है। नीति आयोग की SDG इंडिया इंडेक्स रिपोर्ट 2020-21 के अनुसार, सतत विकास लक्ष्यों के लैंगिक समानता पैरामीटर पर छत्तीसगढ़ भारत में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य है। नीति आयोग 15 संकेतकों पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रगति को ट्रैक करता है। पिछले साल, छत्तीसगढ़ ने लैंगिक समानता पैरामीटर पर 43 अंक हासिल किए और भारत में सातवें स्थान पर था। इस साल, छत्तीसगढ़ ने 61 स्कोर किया और चार्ट में टॉप पर रहा।

Source;-“दैनिक भास्कर”


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *