• June 9, 2026 8:45 pm

राम मंदिर की थीम पर पंडाल, एक्टर प्रभाष करेंगे रावण का वध; दिल्ली में रामलीला की विशेष तैयारी

Share More

12 सितंबर 2022 | दिल्ली के मशहूर लव कुश रामलीला में इस बार साउथ फिल्मों के सुपरस्टार प्रभाष नजर आएंगे। सुपरस्टार प्रभाष इस साल रामलीला में रावण के पुतले का दहन करेंगे। हर साल की तरह इस साल भी लव कुश रामलीला कमेटी 26 सितंबर से दिल्ली में दशहरा महोत्सव के दौरान रामलीला का आयोजन करेगी। बता दें कि इस रामलीला को देखने के लिए हर साल हजारों लोग भी आते हैं। इस कमेटी को हर साल नई थीम के साथ पंडाल बनाने के लिए भी जाना जाता है। इस बार लाल किले के मैदान में यह कमेटी अयोध्या के राम मंदिर के थीम पर पंडाल का निर्माण करेगी। विजयादशमी यानी 5 अक्टूबर को प्रभाष इस महोत्सव में शामिल होंगे।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कमेटी के प्रमुख अर्जुन कुमार रामलीला को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रभाष अपनी आने वाली फिल्म आदिपुरुष में भगवान राम का ही किरदार निभा रहे हैं। जाहिर है तो फिर इस साल रावण की बुराइयों को खत्म करने के लिए उनसे बेहतर और कौन होगा। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी तीन पुतले होंगे। इनमें रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद शामिल हैं। प्रभाष हवा में तीर चलाकर इन सभी को जला देंगे। इस साल यह पुतले 100 फीट लंबे होंगे।

इससे पहले अभिनेता अजय देवगन और जॉन अब्राहम भी कमेटी के इस सेलिब्रेशन का हिस्सा रह चुके हैं। त्योहार को लेकर उन्होंने कहा कि 10 दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत 26 सिंतबर से होगी और 5 अक्टूबर को खत्म होगी। बता दें कि हर साल दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के तौर पर मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान राम ने इस दिन रावण का वध किया था। कुछ क्षेत्रों में इस पर्व को विजयादशमी भी कहा जाता है। यहां लोग माता दुर्गा के द्वारा महिषासुर के वध किये जाने को लेकर यह पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाते हैं।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *