• April 23, 2024 6:03 pm

पीएम मोदी ने पन्ना समितियों के 15 लाख सदस्यों को लिखा खत- कार्यकर्ताओं को भाजपा की असली ताकत बताया

By

Feb 19, 2021
मोदी सरकार के निर्णय से 5 करोड़ गन्ना किसानों को होगा लाभ, भाजपा किसानों के सशक्तिकरण के लिए कटिबद्ध: जेपी नड्डा

अहमदाबाद। Gujarat: महानगर पालिका के चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात भाजपा की पन्ना समितियों के 15 लाख सदस्यों के नाम एक पत्र लिखा है। मोदी ने भाजपा को विचारधारा वाली पार्टी बताते हुए कार्यकर्ताओं को इसकी असल ताकत बताया। गुजरात की छह महानगर पालिका अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर तथा भावनगर के चुनाव 21 फरवरी को होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले भाजपा के 15 लाख पन्ना समितियों व कार्यकर्ताओं को पत्र लिखते हुए कहा कि जनसंपर्क महाभियान लोकसंपर्क का सराहनीय प्रयास है। किसी भी बडे़ पेड़ के लिए बीज तथा जड़े जरूरी होती हैं। वैसे ही भाजपा के कार्यकर्ता इसकी ताकत हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात की जनता ने भाजपा पर निस्वार्थ प्रेम बरसाया है तथा भाजपा गुजरात के हृदय में बसी है। गुजरातियों की विश्वास की गंगा ऐसे ही बहती रहे। राज्य की 31 जिला पंचायतों, 231 तहसील पंचायतों तथा 81 नगर पालिकाओं के लिए 28 फरवरी को मतदान होगा। इस बीच, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने यूएन मेहता अस्पताल से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये जनता के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है।

गौरतलब है कि गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखते हुए अभी से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारणपुरा विधानसभा के वार्ड 10 के पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। अमित शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं तथा नारणपुरा विधानसभा क्षेत्र इसी संसदीय क्षेत्र में आता है। इसी वार्ड के संघवी स्कूल मतदान केंद्र से अमित शाह ने बूथ एजेंट के रूप में भाजपा में अपने करियर की शुरुआत की थी। अमित शाह खुद भी बताते हैं कि उन्होंने बतौर कार्यकर्ता भाजपा के पोस्टर चिपकाए तथा पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हुए इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचे। जनवरी और फरवरी 2021 में राज्य की छह महानगरपालिकाओं, 33 जिला पंचायतों तथा 150 नगरपालिकाओं के चुनाव भी होने हैं, इसलिए सीआर पाटिल ने अभी से संगठन को चुस्त-दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।

इधर, गुजरात में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के मिशन 182 के तहत मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री को भी पन्ना प्रमुख बनाया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा है कि पन्ना प्रमुख व समिति नहीं बनाने वाले नेताओं को अगली बार टिकट नहीं मिलेगा। भाजपा ने अगले साल होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों की भी तैयारी शुरू कर दी है। सीआर पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अगले विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटें जीतने का लक्ष्य सौंपा है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में राज्य में पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समितियों का गठन किया जाए। वहीं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी राजकोट की प्रकाश सोसायटी की मतदाता सूची के पन्ना प्रमुख बने हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल मेहसाणा कडी के मोटापोढ वार्ड की मतदाता सूची के पन्ना प्रमुख बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *