• March 29, 2024 3:53 pm

रजरप्पा मंदिर पहुंचने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पुलिस करा रही दर्शन

By

Jan 4, 2021
रजरप्पा मंदिर पहुंचने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पुलिस करा रही दर्शन
Share More

रामगढ़। नए वर्ष में नई उमंग के साथ रजरप्पा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। रविवार को यहां हजारों श्रद्धालु मां छिन्नमस्तिके के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। श्रद्धालुओं में कई बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल थीं। इसके अलावा कुछ ऐसे लोग भी थे, जो कतार में लग पाने में सक्षम नहीं थे। उन सभी को विशेष दर्शन कराने के लिए रजरप्पा टीओपी के पुलिस पदाधिकारियों ने सहायता की। रजरप्पा मां छिन्नमस्तिके दरबार में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा था। एक तरफ जहां लोग मां से अपनी और समाज के सलामती की कामना कर रहे थे, वहीं पुलिस पदाधिकारी लोगों की सेवा कर पुण्य कमा रहे थे।
मंदिर प्रक्षेत्र को शराब मुक्त करने के लिए एसपी प्रभात कुमार ने भी काफी मेहनत की है। रविवार को उन्होंने बताया कि यहां देश के कोने-कोने से लोग आस्था के साथ पहुंचते हैं। लेकिन यहां शराबियों का जमावड़ा उनके मन को ठेस पहुंचाता है। झारखंड प्रदेश का एकमात्र सिद्ध पीठ नशे में डूबा रहे या किसी कीमत पर बर्दाश्त करने लायक नहीं है। एसपी ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वह पुलिस की मदद करें। मां छिन्नमस्तिके की महिमा को सुनकर ही लोग यहां पहुंचते हैं। इस स्थान को साफ और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी जिला वासियों की है।

एसपी ने बताया कि कुछ लोग इस सुंदर स्थल को पिकनिक स्पॉट की तरह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन यह धार्मिक स्थल लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। यही वजह है कि लगातार पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती मंदिर क्षेत्र में की गई है। यहां लोग आएं और खुद को सुरक्षित महसूस करें, यही एकमात्र उद्देश्य पुलिस का है। उन्होंने कहा कि रविवार को मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं की मदद कर पुलिस पदाधिकारियों ने मानवता का परिचय दिया है।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *