• June 10, 2026 12:05 am

आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से हिमाचल के चार दिवसीय दौरे पर

Share More

18 अप्रैल 2023 | राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मंगलवार से हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर आएंगी। मंगलवार दोपहर 12:00 बजे शिमला के कल्याणी हेलिपैड पर राष्ट्रपति का हेलिकाप्टर उतरेगा। यहां से उनका काफिला राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास रिट्रीट मशोबरा जाएगा। शाम 6:00 बजे राजभवन शिमला में राष्ट्रपति का अभिनंदन समारोह होगा।

19 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और लेखा परीक्षक के प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में राष्ट्रपति शामिल होंगी। 20 अप्रैल को रिट्रीट में एट होम का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। 21 अप्रैल को दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी।

राष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार देवभूमि हिमाचल आ रही हैं। उनके स्वागत में राष्ट्रपति निवास रिट्रीट को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मशोबरा से लेकर शिमला तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। मंगलवार शाम को राष्ट्रपति के सम्मान में प्रदेश सरकार की ओर से राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इस अवसर पर सभी मंत्री, विधायक और उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। हिमाचल के सीमा क्षेत्र को सील कर दिया गया है। चेकिंग के बाद ही वाहनों को प्रवेश कराया जा रहा है। हिमाचल के सीमा क्षेत्र परवाणू, पांवटा साहिब, ऊना, कांगड़ा, चंबा के अलावा चीन सीमा से सटे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति मंगलवार को शिमला पहुंचेंगी। उनका 21 अप्रैल तक शिमला में रहने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

सोर्स :-“अमर उजाला ”                         


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *