22 दिसंबर 2022 | देश में कोविड-19 के बढ़ते केसस को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने के लिए राहुल गांधी को पत्र लिखा था। जिसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार (22 दिसंबर, 2022) को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा के नूंह में कहा कि इन्होंने(भाजपा) मुझे पत्र लिखा कि कोरोना आ रहा है यात्रा बंद करो। राहुल गांधी ने कहा कि अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं। बहाने बन रहे हैं मास्क पहनो, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है। ये सब बहाने हैं, ये भारत की सच्चाई से डर गए हैं। ये सच्चाई है। यात्रा में हम 100 दिन से ज्यादा चले हैं, जिसमें हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई हर जाति के लोग शामिल हुए।
बता दें, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान या तो सभी कोविड -19 दिशानिर्देशों का पालन करने या इसे राष्ट्रीय हित में स्थगित करने के लिए एक पत्र लिखा था।
मंडाविया ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा में कोरोना गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाए, अगर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना संभव नहीं हो, भारत जोड़ो यात्रा को देशहित में स्थगित किया जाए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में आगे लिखा था कि राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन हो, मास्क और सेनीटाइजर का इस्तेमाल कराया जाए। यात्रा में सिर्फ वैक्सीनेटिड लोग ही हिस्सा लें, यह सुनिश्चित किया जाए। यात्रा में जुड़ने से पूर्व और बाद में यात्रियों को आइसोलेट किया जाए।
सोर्स :-” जनसत्ता”
