• June 9, 2026 2:12 pm

रेलवे ने उद्घाटन में लगाई थी रोक, आप नेताओं ने बैरिकेड्स काटकर लोगों के लिए शुरू किया

Share More

21 अक्टूबर 2022 | दुर्ग में निर्माणाधीन रायपुर नाका रेलवे अंडर ब्रिज को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने देर रात खोल दिया। इस ब्रिज के उद्घाटन को लेकर कांग्रेस विधायक और भाजपा पार्षद के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ी थीं। भाजपा समर्थित पार्षद के ऊपर गैरजमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। कांग्रेस विधायक ने अरुण वोरा ने उद्घाटन का कार्ड भी छपवा लिया था, लेकिन अंडर ब्रिज नहीं खोल पाए। इसे गुरुवार की देर रात आप के नेताओं ने गैस कटर से बैरिकेड्स काटकर खोल दिया।

रायपुर नाका अंडर ब्रिज को तीन दिन पहले भी आप के नेताओं ने खोला था, लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने फिर से बैरिकेड्स लगाकर इसे बंद कर दिया था। इसके बाद गुरुवार दिन में आप के कार्यकर्ता मेहरबान सिंह के नेतृत्व में टेंट लगाकर धरने पर बैठे। फिर रात में गैस कटर मंगवाया और बैरिकेड्स का काटकर हटा दिया।

उधर, शुक्रवार सुबह से लोगों ने अंडर ब्रिज से आना जाना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि कांग्रेस और भाजपा की लड़ाई में आप के लोगों ने बाजी मार ली। उन्होंने जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन की कार्रवाई की परवाह न करते हुए अंडर ब्रिज को खोल दिया है।

भाजपा समर्थित पार्षद के ऊपर बरसी थीं लाठियां
सिंधिया नगर वार्ड के भाजपा समर्थित पार्षद अरुण सिंह ने आम जन के सहयोग से अंडर ब्रिज को खोलने का बीते 15 सितंबर को ऐलान किया था। जब वह जनता को लेकर अंडर ब्रिज को खोलने पहुंचे पुलिस से उनकी झड़प हुई। पुलिस ने उनके ऊपर लाठियां भांजी। बात में पार्षद अरुण सिंह के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। पार्षद अरुण सिंह का कहना है कि सिकोलाभाठा अंडर ब्रिज और रायपुर नाका अंडर ब्रिज को लोगों ने जबरदस्ती खोला तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब उन्होंने जनता के सहयोग से इसे खोलने का प्रयास किया तो राजनीति के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया।

सोर्स :- “दैनिक भास्कर”                      

Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *