• June 9, 2026 8:30 am

छत्तीसगढ़ के किसान आंदोलन से जुड़ेंगे राकेश टिकैत, नई राजधानी प्रभावित किसानों की समस्या पर सरकार से करेंगे बात

Share More

23-फरवरी-2022 | छत्तीसगढ़ की नई राजधानी प्रभावित किसानों का आंदोलन दिल्ली और यूपी तक पहुंच गया है। नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने आंदोलन में शामिल होने किसान नेता राकेश टिकैत से उत्तर प्रदेश के सिसौली में मुलाकात की। टिकैत ने आंदोलन को समर्थन देने और राज्य सरकार से बात करने की बात कही है। टिकैत ने इस दौरान सरकार व दिल्ली में कांग्रेस के नेताओं से मोबाइल पर बात भी की। 

नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष रूपन चंद्राकर ने बताया कि सिसौली में किसान नेता राकेश टिकैत से मुलाकात हुई है। उन्हें नवा रायपुर के किसानों द्वारा 51 दिनों से जारी आंदोलन की जानकारी दी गई। उनके समक्ष किसानों की समस्याओं को रखा है। टिकैत ने सभी बिंदुओं को सुनने के बाद नई राजधानी के किसानों का साथ देने की बात कही है। रूपन ने कहा कि राकेश टिकैत रायपुर आएंगे। किसानों की मांग पूरी होने पर टिकैत सरकार का आभार जताएंगे या फिर मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को अपना समर्थन देंगे।   

टिकैत सहित कई नेताओं से बातचीत 
रूपन चंद्राकर ने बताया कि मुलाकात के दौरान राकेश टिकैत ने कहा है कि यदि सरकार इन मांगों को मान लेती है तो ठीक है। वहीं यदि सरकार इन मांगों को मानने से इनकार करती है तो राजधानी के किसानों के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। रूपन चंद्राकर ने बताया है कि राकेश टिकैत के साथ ही योगेंद्र यादव ने भी किसानों के समर्थन में रायपुर पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की बात कही है। बता दें कि नवा रायपुर प्रभावित किसानों का आंदोलन 51 दिनों से जारी है। तीन दौर की वार्ता के बाद राज्य सरकार ने 8 में से 6 मांगों को मानने पर सहमति जताई है, लेकिन किसानों ने सरकार पर छल करे का आरोप लगाया है। मुख्य मुद्दों पर कोई ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है।

Source;-“हिंदुस्तान”  


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *