• April 23, 2024 8:13 pm

RPN SINGH बीजेपी में हुए शामिल, यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

25 जनवरी 2022 | कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह यानी आरपीएन सिंह आखिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए हैं। पडरौना राजघराने के राजा और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली। 

आरपीएन सिंह ने इससे पहले ट्वीट किया, ”यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है, मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी और माननीय गृहमंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान के लिए तत्पर हूं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने मंगलवार सुबह ही कांग्रेस से इस्तीफा दिया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने देश की जनता और पार्टी की सेवा करने का अवसर देने के लिए कांग्रेस का आभार जताया।

आरपीएन कुछ दिनों से कांग्रेस की गतिविधियों में सक्रियता नहीं दिखा रहे थे और तभी से अनुमान लगाया जा रहा था कि वह पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। यूपीए-2 सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के रूप में काम कर चुके आरपीएन अभी झारखंड के कांग्रेस प्रभारी भी थे। आरपीएन 1996 से 2009 तक पडरौना से कांग्रेस के विधायक रहे हैं। 2009 में वह कुशीनगर (तत्कालीन पडरौना लोकसभा) सीट से लोकसभा सांसद चुने गए और केंद्र में मंत्री बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *