• April 25, 2024 4:39 am

बिहार में आज और 11 को चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को दिया यह निर्देश

ByPrompt Times

Oct 9, 2021

09-अक्टूबर-2021  | बिहार में कोरोना टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए 9 और 11 अक्टूबर को विशेष कोरोना टीकाकरण अभियान चलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी 38 जिलों को दो तिथियों में सुविधानुसार विशेष टीकाकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया है।  स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह अभियान कोरोना टीकाकरण अभियान से अलग होगा। इसमें महाअभियान की तर्ज पर ही अलग-अलग जिलों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। कोरोना टीकाकरण महाअभियान पूरे राज्य में एक साथ संचालित किया जाता है। विभाग ने दुर्गापूजा के बीच में ही कोरोना टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए यह निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को टीका उपलब्ध कराया जा सके।  

पंचायत चुनाव को लेकर अलग-अलग तिथियां निर्धारित 

राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर अलग-अलग तिथियों का निर्धारण किया गया है। 8 अक्टूबर को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान 35 जिलों के 50 प्रखंडों में होने तथा 10 को मतगणना के कारण दो अलग-अलग तिथियों को विशेष अभियान संचालित करने का निर्णय लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि सभी जिलों से विशेष अभियान को लेकर तैयारी का फीडबैक लिया गया है और जरूरी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया है। 

राज्य में पांच करोड़ 94 लाख से अधिक टीके दिए गए 

राज्य में गुरुवार तक 5 करोड़ 94 लाख 60 हजार 915 व्यक्तियों को कोरोना टीका दिया जा चुका है। इनमें 4 करोड़ 63 लाख 11 हजार 948 को टीके की पहली डोज और 1 करोड़ 31 लाख 48 हजार 967 व्यक्तियों को दूसरी डोज दिया गया है। राज्य में विशेष टीकाकरण अभियान से इतर अब तक आठ बार भिन्न-भिन्न तिथियों को कोरोना टीकाकरण महाअभियानों का संचालन किया गया है।

Source:-हिंदुस्तान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *