25 जुलाई 2023 ! पुलिस के मुताबिक़ यह घटना किसी वस्तु के फेंकने से शुरू हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया.
अख़बार के मुताबिक़ बरेली के एसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा, “घटना के वीडियो की जांच करने से यह पता चला है कि पथराव दोनों तरफ़ से किया गया. इलाक़े में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है.”
उन्होंने बताया कि घटना के जो वीडियो सामने आए हैं, पुलिस उनकी मदद से अभियुक्तों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी.
अख़बार ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि पथराव की इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं. वहीं एसपी के मुताबिक़ घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
पुलिस के मुताबिक़ रविवार को जोगी नवादा इलाक़े में मस्जिद के पास से कांवड़ियों का एक जत्था जल लेने के लिए जा रहा था, तभी कोई वस्तु फेंकने के लेकर विवाद शुरू हो गया.
अखबार, पुलिस के हवाले से लिखता है कि जैसे ही कांवड़ियों का जत्था मस्जिद से क़रीब 40-50 मीटर आगे बढ़ा, तो लोगों के एक समूह ने उन पर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान वहाँ मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए.
बरेली एसएसपी ने बयान जारी कर बताया कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और कांवड़ियों के जत्थे को आगे बढ़ाया.
इसके बाद कांवड़ियों ने एफ़आईआर दर्ज करने और अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
अख़बार के मुताबिक़ बरेली आईजी राकेश सिंह ने कहा कि इस मामले में बारादरी पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज की गई है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
सूत्रों के हवाले से ख़बर में लिखा गया है कि कांवड़ियों ने हमले के पीछे इलाक़े के एक पूर्व पार्षद का हाथ होने का आरोप लगाया है.
मुताबिक़ इस मामले में पूर्व पार्षद उस्मान अल्वी समेत 12 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना बारादरी में तहरीर दी गई है.
बरेली के अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट आरडी पांडे ने कहा कि स्थिति सामान्य है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और बरेली के विधायक अरुण कुमार का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व राज्य में तनाव पैदा कर माहौल ख़राब करना चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को कड़ी सज़ा दी जाएगी.
सोर्स :-“BBC न्यूज़ हिंदी”
