08 नवम्बर 2021 | केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद गैर कांग्रेस शासित 25 राज्यों ने भी पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाकर जनता को अतिरिक्त राहत दी। अब रविवार कांग्रेस शासित पंजाब ने भी पेट्रोल पर वैट दर 10 रुपए और डीजल पर 5 रुपए प्रति लीटर घटाने की घोषणा की। इससे वहां पेट्रोल की कीमत 95 रुपए और डीजल की 84 रुपए प्रति लीटर हाे गई।
यह उत्तर भारत में सबसे कम है। वहीं राजस्थान सरकार ने वैट घटाने से इनकार किया है। ऐसे में यहां अब भी पेट्राेल पर 36% और डीजल पर 26% वैट वसूला जा रहा है, जो देश में सबसे अधिक है। ऐसे में देश का सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल भी यहीं बिक रहा है। श्रीगंगानगर में पेट्रोल-डीजल की कीमत पंजाब से 20 से अधिक है।
यानी प्रदेश में पड़ोसी राज्यों से 20% महंगा पेट्रोल-डीजल है। यही वजह है कि दो साल में यहां डीजल की बिक्री भी 9.51 लाख लीटर घट गई है। इसलिए हरियाणा-पंजाब की सीमा से सटे 1200 से अधिक पेट्रोल-पंप बंद होने की कगार पर हैं।
- साल डीजल बिक्री (ली.)
- 2018-19 : 46,98,686
- 2019-20 : 45,27,640
- 2020-21 : 37,47,347
राजस्थान पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के विधि सलाहकार डॉ राजेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक दो साल पहले 1.71 लाख लीटर डीजल कम बिका था, पिछले साल 7.80 लाख लीटर डीजल की बिक्री कम हुई है। यानी पिछले दो साल में 9,51,339 लीटर डीजल की बिक्री घटी है।
1200 पेट्रोल पंपों से जुड़ा 8400 लोगों का रोजगार
- एक पेट्रोल पंप पर औसतन 7 कर्मचारी भी मानें तो 1200 आउटलेट्स बंद होने से सीधे 8400 लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
- इन पेट्रोल पंप पर 100-200 लीटर डीजल प्रति दिन की बिक्री रह गई है।
Source :-“दैनिक भास्कर”
