22 दिसंबर2021 | Baghel Cabinet Shuffle: ऐसी चर्चाएं हैं कि मंत्रिमंडल में बदलाव के तहत 3-4 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है.
सत्य प्रकाश/रायपुरः छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं. खुद सीएम भूपेश बघेल ने दिल्ली रवानगी से पहले इसके संकेत दिए हैं. सीएम बघेल ने कहा था कि हाईकमान के निर्देश के बाद ही मंत्रिमंडल में बदलाव(Cabinet Shuffle) होगा. ऐसी चर्चाएं हैं कि टीएस सिंहदेव (TS Singhdeo) को सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है.
3-4 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी!
ऐसी चर्चाएं हैं कि मंत्रिमंडल में बदलाव के तहत 3-4 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है. वहीं टीएस सिंहदेव के करीबी नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है. इसे सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच का पलड़ा बराबर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि बदलाव के पीछे कुछ मंत्रियों के कामकाज और संगठन की नाखुशी भी वजह हो सकती है.
टीएस सिंहदेव (TS Singhdeo) के मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सियासी गलियारे में ऐसी चर्चाएं हैं कि संभावित मंत्रिमंडल बदलाव में मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. हालांकि अभी तक इसे लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई है कि टीएस सिंहदेव का क्या जिम्मेदारी दी जा सकती है.
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर काफी खींचतान देखने को मिली थी. बता दें कि ऐसी चर्चाएं थी कि छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल का फार्मूला लागू है, जिसके तहत ढाई साल भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) और ढाई साल टीएस सिंहदेव सीएम पद पर रहेंगे. हालांकि पार्टी ने और खुद भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव ने ऐसे किसी फार्मूले से इंकार किया था. हालांकि जिस तरह से भूपेश बघेल सरकार के ढाई साल पूरे होने पर राज्य में सियासी खींचतान और फिर दिल्ली के दौरे देखने को मिले, उससे ढाई ढाई साल के फार्मूले को बल मिला था.
अब जब सरकार के तीन साल पूरे हो चुके हैं और नेतृत्व परिवर्तन की बात हाशिए पर जा चुकी है तो माना जा रहा है कि राज्य में दोनों नेताओं के बीच शक्ति संतुलन के लिए कैबिनेट में फेरबदल किया जा सकता है.
Source;- “जी नेवस”
