• April 20, 2024 4:12 pm

आज श्रीराम करेंगे अग्निवाण से वार, भस्म होगा रावण का अहंकार

05 अक्टूबर 2022 | असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व बुधवार को जम्मू कश्मीर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर जम्मू में बुधवार को दो साल के बाद दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान परेड और गांधीनगर दशहरा मैदान में रावण दहन किया जाएगा। परेड मैदान में 60 फीट (संभाग का सबसे बड़ा), तो गांधीनगर में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इससे पहले रघुनाथ मंदिर से परेड मैदान तो श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से गांधीनगर दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसमें भगवान श्रीराम, मां सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ रथ पर सवार होकर रावण का दहन करने जाएंगे। भगवान श्रीराम के अग्निवाण से लंकापति का अहंकार और पुतला धू-धू कर जलेगा। गांधीनगर मैदान में रावण का दहन शाम छह बजे होगा। मैदान पर लोगों की सुविधा के लिए सौ कुर्सियां भी लगाई है।

शाम चार बजे श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान राम, मां सीता, लक्ष्मण और हनुमान रथ पर सवार होकर दशहरा मैदान पहुंचेंगे। जहां भगवान श्री राम के अग्निबाण से दशानन जल उठेगा।  मैदान में 45 फीट का रावण तो 40- 40 फीट मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले लगाए गए है।

वहीं परेड मैदान में शाम 5:30 बजे रावण का दहन होगा। इससे पहले रघुनाथ मंदिर से परेड मैदान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान राम रथ पर सवार होंगे। परेड मैदान में 60 फीट ऊंचा रावण, तो 55-55 फीट मेघनाद और कुंभकरण का पुतला लगाया है।

सोर्स :-“अमर उजाला”                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *