• June 9, 2026 12:36 pm

रहमानुल्लाह के परिवार को निष्कासित करने पर विचार कर रहा ट्रंप प्रशासन

Share More

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन व्हाइट हाउस के पास शूटिंग के संदिग्ध रहमानुल्लाह लकनवाल के परिवार को देश से बाहर करने की संभावना तलाश रहा है। रहमानुल्लाह पर वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो सुरक्षा प्रहरियों पर गोली चलाने के आरोप हैं। श्री ट्रंप ने हमले के बाद अमेरिका में रह रहे प्रवासियों पर और भी सख्त कार्रवाई करने की घोषणा की है। लकनवाल 2021 में अफगानिस्तान में अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी सीआईए की मदद करने के बाद ऑपरेशन अलाइज वेलकम के तहत अमेरिका आया था।

उसके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अधिकारियों ने जब्त कर लिए थे। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के निर्देशक काश पटेल के मुताबिक उसके परिवार से भी पूछताछ की गई है। एफबीआई वॉशिंगटन स्टेट में लकनवाल के घर समेत कई संपत्तियों की तलाशी ले रही है। अमेरिकी रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच एजेंसियों ने शरण के मामलों और कुछ ग्रीन कार्ड होल्डर्स की समीक्षा करने की घोषणा की है। अफगानी लकनवाल ने व्हाइट हाउस से कुछ ही ब्लॉक दूर 20 साल की सारा बेकस्ट्रॉम और 24 साल के एंड्रयू वोल्फ को बहुत नजदीक से गोली मारी।

बेकस्ट्रॉम की बाद में मौत हो गई, जबकि 24 साल के एंड्रयू वोल्फ की हालत अभी भी गंभीर है। डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया (डीसी) की अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा कि लकनवाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वाशिंगटन के बेलिंगहैम में रह रहे थे। श्री ट्रंप ने कहा कि कई अफगान नागरिक बिना सही चेकिंग के संयुक्त राज्य अमेरिका में घुस आए। उनकी कोई चेकिंग नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि जो लोग शरण लेने आए थे उन्हें देश से बाहर निकाला जाएगा। लेकिन उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि उनका मतलब किन देशों के नागरिकों से है।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *