• April 26, 2024 1:33 am

आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएं महिलाएं

ByPrompt Times

Apr 11, 2021
आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएं महिलाएं

अल्मोड़ा : कोरोनाकाल में पुलिस कर्मियों व उनकी महिलाओं को योगाभ्यास, खाकी मास्क तैयार करने के बाद अब मशरूम उत्पादन के जरिये स्वावलंबी बनने की पहल शुरू हो गई है। पुलिस वाइफ वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष हेमा बिष्ट ने प्रशिक्षणशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने महिला सशक्तीकरण की दिशा में बागेश्वर जनपद में काम कर रही मशरूम लेडी ममता मेहता को सम्मानित किया।

शनिवार को महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद शाम को गोष्ठी हुई। प्रशिक्षक ममता मेहता ने अब तक के संघर्ष, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं को साथ लेकर स्वरोजगार की अलख जगाने आदि उपलब्धियां गिना प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न उत्पादों के साथ ही रिंगाल से आकर्षक टोकरियां बनाने के गुर भी सिखाए।

इससे पूर्व विभाग के निष्प्रयोज्य भवन में बेमौसम मशरूम उत्पादन करने वाली मीडिया सेल प्रभारी हेमा ऐठानी ने महिलाओं को कक्ष का दौरा कराया। उन्होंने बीज बोने से मशरूम के उगने तक विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन कर महिलाओं को प्रेरित किया। कहा कि पुलिस लाइन में समूह बना उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं एसएसपी पंकज भट्ट की धर्मपत्नी हेमा बिष्ट ने मशरूम उत्पादन को आत्मनिर्भरता के साथ ही कोरोनाकाल में स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक बताया। उन्होंने हेमा की पहल को सराहनीय बताया और पुलिस कर्मियों की महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाने में सहयोग का भरोसा दिलाया। संचालन सरिता पाठक ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला आरक्षी गार्गी, रेखा पांडे, विजय लक्ष्मी, मंजू खाती, ममता किरौला, रेखा चिलकोटिया, सरिता, दीपा, उषा समेत 22 महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *