22 फ़रवरी 2023 | योजनाओं को तय समय में पूरा करने वाले जिलों की रैकिंग जारी की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य योजना आयोग द्वारा जारी छत्तीसगढ़ एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग में धमतरी जिला 72 अंक अर्जित कर प्राप्त कर प्रथम स्थान पर है
धमतरी सहित राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, गरियाबंद, महासमुंद व रायपुर जिले सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के आधार पर फ्रंट रनर जिलों में शामिल हैं, जबकि प्रदेश के शेष जिले परफार्मर श्रेणी में शामिल हैं। सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में जिलों को उनके द्वारा अर्जित किए स्कोर के आधार पर- चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिसमें एचीवर (100 अंक), फ्रंट रनर (65-99 अंक), परफार्मर (50-64 अंक), एस्पायरेंट (50 से कम अंक) निर्धारित है।
राज्य के सभी जिले फ्रंट रनर एवं परफॉर्मर श्रेणी में
अधिकारियों के मुताबिक प्रत्येक जिले को सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की प्रगति के आधार पर स्कोर एवं रैंकिंग प्रदान की गई है। यह रिपोर्ट और डैशबोर्ड जिलों को 2030 तक सतत विकास लक्ष्य प्राप्त करने में पथ प्रदर्शक का कार्य करेगी। साथ ही सभी जिला कलेक्टरों को लक्ष्यों की प्राप्ति में बाधक क्षेत्रों की पहचान कर उनके समाधान के लिए निर्णय लेने में भी मदद करेगी। स्थानीय स्तर पर विकास की रणनीति तय करने और योजनाएं बनाने में भी ये दोनों नवाचार मददगार होंगे।
क्या है जिलों की रैकिंग
एसडीजी डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग-2021 में धमतरी जिले ने सर्वाधिक 72 अंक प्राप्त कर प्रथम रैंक हासिल किया है। इसी तरह राजनांदगांव जिला 70 अंकों के साथ दूसरे, बालोद और दुर्ग जिले 68 अंक के साथ तीसरे, बेमेतरा जिला 67 अंक के साथ चौथे, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिला 65 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, कांकेर, मुंगेली, सरगुजा जिला 63 अंक के साथ छठवें स्थान पर, बिलासपुर, कबीरधाम और कोरबा जिला 62 अंक के साथ सातवें, दंतेवाड़ा, जशपुर और सूरजपुर जिला 61 अंक के साथ आठवें, कोंडागांव और रायगढ़ जिला 60 अंक के साथ नौवें, कोरिया जिला 59 अंक के साथ दसवें, बस्तर और नारायणपुर जिला 58 अंक के साथ ग्यारहवें, बलरामपुर जिला 57 अंक के साथ बारहवें, बीजापुर और सुकमा जिले 51 अंक के साथ तेरहवें स्थान पर हैं।
82 अलग-अलग सरकारी योजनाओं के आधार पर रैकिंग
छत्तीसगढ़ एसडीजी डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग में सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय एवं अन्य पहलुओं संबंधी कुल 82 इंडिकेटर में प्राप्त प्रगति के आधार पर जिलों को स्कोर व रैंकिंग दी गई है। जिन इंडिकेटर्स के आधार पर छत्तीसगढ़ एसडीजी डिस्ट्रिक्ट रैंकिंग दी गई है उनमें छत्तीसगढ़ शासन की फ्लैगशिप योजना राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री शहरी आजीविका मिशन, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, सार्वभौमिक सार्वजनिक वितरण प्रणाली, हाट बाजार क्लीनिक योजना, महतारी जतन योजना, सुराजी गांव योजना (नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी), स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, मुख्यमंत्री कन्या दान योजना, नोनी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सौर सुजला योजना, हाफ बिजली बिल योजना, रूरल इंडस्ट्रियल पार्क, वनधन केन्द्र, लघु वनोपज प्रसंस्करण, मुख्यमंत्री सुगम सड़क आदि को शामिल किया गया है।
सोर्स :-“नईदुनिया”
