• June 5, 2026 6:05 pm

मन की बात – प्रधानमंत्री ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त करने में युवा संगम के प्रयासों की सराहना की

Share More

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने युवाओं में एक भारत-श्रेष्‍ठ भारत की भावना को ताकत देने के लिए युवा संगम के अनूठे प्रयासों की सराहना की है।आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में राष्‍ट्र को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि देश की एकता और विविधता को ध्‍यान में रखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने इसकी पहल की है। इस कार्यक्रम की पिछली कडियों में श्री मोदी ने काशी-तमिल संगमम और सौराष्‍ट्र-तमिल संगमम की चर्चा की थी।

श्री मोदी ने कहा कि युवा संगम का उद्देश्‍य लोगों के बीच संपर्क को बढावा देना और देश के युवाओं को एक-दूसरे के साथ परस्‍पर घुलने-मिलने का अवसर प्रदान करना है। अलग-अलग राज्‍यों के उच्‍च शिक्षा संस्‍थानों को इससे जोडा गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा संगम पहल के माध्‍यम से युवा दूसरे राज्‍यों के शहरों और गांवों में जाते हैं जिससे उन्‍हें अलग-अलग तरह के लोगों से मिलने का मौका मिलता है। युवा संगम के पहले चरण में लगभग 12 सौ युवा देश के 22 राज्‍यों का दौरा कर चुके हैं। श्री मोदी ने कहा कि कई बडी कंपनियों के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों और व्‍यापारिक हस्तियों ने बैग-पैकर्स के रूप में भारत में समय गुजारा है। उन्‍होंने इस बात पर गर्व व्‍यक्‍त किया कि अलग-अलग देशों के नेता उनसे अपनी युवावस्‍था में भारत घूमने के किस्‍से सुनाते हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत में देखने-सुनने को काफी कुछ है। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि इन रोमांचक अनुभवों को जानकर युवाओं को देश के अलग-अलग हिस्‍सों में जाने की प्रेरणा मिलेगी।


Share More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *