27 दिसंबर 2022 | अमेरिका में बम चक्रवात की वजह से देश के कई हिस्से भीषण ठंड की चपेट में आ गए हैं। जिसके चलते कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई है। ऐसी आशंका है कि तूफान अभी और लोगों की जान लेगा। तूफान की वजह से अभी तक काफी नुकसान हो चुका है। तापमान तेजी से गिर रहा है। साथ ही तेज गति से ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालात अभी और बिगड़ने की आशंका जताई गई है। ठंड की चपेट में आए स्थानों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें हर तरफ बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई दिख रही है।
पश्चिमी न्यूयॉर्क में लोगों को भारी हिमपात का सामना करना पड़ रहा है और इस स्थिति के चलते उड़ानें रद्द करनी पड़ रही हैं और सड़कें भी ब्लॉक हो रही हैं। बर्फीले तूफान के कारण हजारों घरों और व्यवसायों की बिजली गुल है। देश की लगभग 60 प्रतिशत आबादी को ठंड के मौसम संबंधी किसी न किसी परामर्श या चेतावनी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने रविवार को कहा कि अमेरिका के पूर्वी क्षेत्र का आधा हिस्सा ठंडी हवाओं की चपेट में है। तूफान संबंधी हवाएं और हिमपात ने बफेलो के लिए भी स्थिति मुश्किल कर दी है।