नई दिल्ली 01 अप्रैल । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मिजोरम की राजधानी आइजॉल में 24 अरब 15 करोड की विभिन्न परियोजनाओं का उदघाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लोगों के विकास और उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि एक जमाने में इस राज्य में अशांति और गोलीबारी का माहौल था। लेकिन अब यह राज्य देश में लोकतंत्र की सफलता का उदाहरण है। श्री शाह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के भटके हुए युवाओं से राष्ट्र की मुख्य धारा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे पूर्वोत्तर और देश के आर्थिक विकास में अपना योगदान दे सकेंगें। पिछले कुछ वर्षो में इस क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि यहां 2014 की तुलना में हिंसक घटनाओं में 67 प्रतिशत की कमी आई है। सुरक्षा बलों की तैनाती 60 प्रतिशत कम हुई है और निरपराध लोगों की हत्या में भी 83 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान इस क्षेत्र के आठ हजार से ज्यादा युवकों ने उग्रवाद का रास्ता छोडा है।
गृहमंत्री ने जोखासांग में असम राइफल के नये बटालियन मुख्यालय का उदघाटन किया। उन्होंने एक अरब 93 करोड रूपये की लागत से बनने वाले लालडेंगा केन्द्र का भी शिलान्यास किया। श्री शाह ने आइजॉल में दस अरब 49 करोड रूपये की लागत वाली दो बाइपास सडक योजनाओं का भी शिलान्यास किया. (वी.के. झा)
