भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को एक सुरक्षित और विकसित देश बनाने और राष्ट्रों के बीच एक प्रमुख स्थान सुनिश्चित करने के लिए केरल के लोगों से वर्ष 2024 के आम चुनावों में भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया। आज त्रिशूर में भाजपा की जन शक्ति रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि केरल के लोगों ने पिछले कई वर्षों से कांग्रेस और वामपंथी दलों को वैकल्पिक रूप से अवसर प्रदान किए लेकिन दोनों ही राज्य का विकास करने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में साम्यवाद विलुप्त होने के कगार पर है जबकि देश की जनता कांग्रेस पार्टी को पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली थी तब भारत की अर्थव्यवस्था 11-वें स्थान पर थी, लेकिन आज यह पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। यू पी ए सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पुलवामा और उरी की घटनाओं के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाया। |
||||
